भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने निकाय अध्यक्षों के चुनाव को लेकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है और प्रत्येक चुनाव में निर्धारित प्रक्रिया के तहत निर्णय लिया जाता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पार्षद प्रत्याशियों के चयन में वार्ड से लेकर जिला, संभाग और प्रदेश स्तर तक विचार-विमर्श कर शीर्ष नेतृत्व से परामर्श किया जाता है, उसी प्रकार निकाय अध्यक्षों के चयन में भी संगठनात्मक प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।
स्थानीय स्तर पर चर्चा, फिर शीर्ष नेतृत्व की मुहर
बगड़ी ने कहा कि सभी निकायों में स्थानीय स्तर पर चर्चा के बाद संबंधित प्रभारी, संभाग प्रभारी और संगठन के पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके बाद शीर्ष नेतृत्व से चर्चा कर अध्यक्ष पद को लेकर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन की मजबूती के साथ कार्यकर्ताओं की भावनाओं को भी ध्यान में रखते हुए निकाय अध्यक्षों का चयन करेगी।
निर्दलीयों के लिए भी भाजपा के दरवाजे खुले
उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी विचारधारा और कार्यपद्धति के आधार पर काम करने वाली पार्टी है। यदि कोई निर्दलीय निर्वाचित व्यक्ति भाजपा की नीतियों और विचारधारा के अनुरूप कार्य करना चाहता है तथा पार्टी से जुड़ना चाहता है, तो शीर्ष नेतृत्व उचित समझने पर उसे संगठन में शामिल करने का निर्णय ले सकता है।
बहुमत वाले निकायों में बोर्ड गठन की तैयारी
बगड़ी ने कहा कि जिन निकायों में भाजपा के प्रत्याशी बहुमत के साथ विजयी हुए हैं, वहां पार्टी बोर्ड के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। वहीं, जिन निकायों में आवश्यकता है, वहां भाजपा की विचारधारा से जुड़े निर्वाचित प्रत्याशियों को साथ लेकर बोर्ड गठन की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य मजबूत और प्रभावी स्थानीय निकायों के माध्यम से आमजन की सेवा करना है।
युवाओं को टिकट, जीत में भी दिखा असर
भाजपा महामंत्री ने निकाय चुनाव में युवाओं की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा ने अधिक संख्या में युवाओं को टिकट देकर उन्हें नेतृत्व का अवसर दिया। बड़ी संख्या में युवा प्रत्याशी जीतकर भी आए हैं। यह युवाओं के बीच भाजपा के प्रति विश्वास और पार्टी की युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की नीति का प्रमाण है।
सरकार के काम पर जनता ने लगाई मुहर
बगड़ी ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने आमजन के हित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। निकाय चुनाव के परिणामों के जरिए प्रदेश की जनता ने सरकार के विकास कार्यों पर अपनी जीत की मोहर लगाई है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में निकाय चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल है और विशेष रूप से युवा वर्ग में काफी उत्साह देखने को मिला है।