राजस्थान में अब दिन के समय सर्दी का प्रभाव कम हो गया है। रात को पारा अचानक तेजी से गिर रहा है। न्यूनतम तापमान जीरो डिग्री के आस-पास बना हुआ है। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार चला गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक-दो दिनों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक का इजाफा देखने को मिल सकता है। हिमालयी क्षेत्र में 1 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से चलने वाली उत्तरी हवाओं से प्रदेश में शीतलहर चल सकती है।
9 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी
जयपुर मौसम केंद्र ने आज जयपुर, दौसा, टोंक, धौलपुर, सवाई माधोपुर, बूंदी, बारां और कोटा में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी 7 बजकर 15 मिनट पर जारी की गई है, जो अगले 3 घंटों के लिए है। मौसम विभाग का कहना है कि इन जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है।
फतेहपुर में पारा 1 डिग्री
बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो फतेहपुर में पारा 1 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं सीकर में 2 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। बीकानेर के लूणकरणसर में पारा 3.5 डिग्री, नागौर में 3.5 डिग्री, करौली में 3.2 डिग्री, दौसा में 5.7 डिग्री, अलवर में 3 डिग्री तथा भीलवाड़ा में 5.7 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान की बात करें तो बाड़मेर सबसे गर्म रहा। यहां दिन का सर्वाधिक तापमान 30.1 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में दिन के अधिकतम तापमान में 2 डिग्री तक का इजाफा और हो सकता है।