फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: पंचायत चुनाव लड़ने की जिद में पिता ने बेटे-बहू को गाड़ी से कुचला, दोनों की मौत

Wed, 14 Oct 2026 01:55 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला,चूरू

सार

राजस्थान के चूरू जिले के तारानगर थाना क्षेत्र के चंगोई गांव में पंचायत चुनाव लड़ने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में पिता रामचंद्र रेपसवाल पर अपने बेटे रविंद्र और बहू महिंद्रा की गाड़ी से कुचलकर हत्या करने का आरोप है।

विज्ञापन
पंचायत चुनाव की जिद में पिता ने बेटे-बहू को गाड़ी से कुचला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान के चूरू जिले में पंचायत चुनाव को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। तारानगर थाना क्षेत्र के चंगोई गांव में एक पिता पर अपने ही बेटे और बहू को गाड़ी से कुचलकर हत्या करने का आरोप है। मृतकों की पहचान रविंद्र और उसकी पत्नी महिंद्रा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पिता का नाम रामचंद्र रेपसवाल बताया गया है। पुलिस के अनुसार, पंचायत चुनाव लड़ने को लेकर पिता और बेटे के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि देर रात कहासुनी के बाद रविंद्र घर से बाहर निकल गया और उसकी पत्नी उसे मनाने के लिए पीछे गई। इसी दौरान रामचंद्र भी गाड़ी लेकर उनके पीछे पहुंचा और दोनों को कुचल दिया। गंभीर चोटें आने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

पंचायत चुनाव लड़ने को लेकर पिता-बेटे में था विवाद

ग्रामीणों के मुताबिक, रामचंद्र रेपसवाल के परिवार में पंचायत चुनाव में उम्मीदवारी और पारिवारिक प्रतिष्ठा को लेकर काफी समय से तनाव चल रहा था। चुनाव लड़ने और घरेलू मामलों को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था। वारदात वाले दिन भी इसी मुद्दे पर घर में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई।

विज्ञापन


तारानगर के डीएसपी रोहित सांखला ने बताया कि पिता और बेटे के बीच चुनाव लड़ने को लेकर विवाद हुआ था। रामचंद्र चुनाव लड़ने पर अड़ा हुआ था, जबकि उसका बेटा रविंद्र इसके पक्ष में नहीं था। देर रात विवाद बढ़ने पर रविंद्र घर से बाहर निकल गया। उसकी पत्नी महिंद्रा उसे मनाने के लिए पीछे गई। आरोप है कि रामचंद्र भी उनके पीछे निकला, गाड़ी स्टार्ट की और दोनों को कुचल दिया। कुछ ही मिनटों में इस घटना ने दो लोगों की जान ले ली।

पत्नी से मारपीट के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना से पहले रामचंद्र ने अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की थी। जब रविंद्र और महिंद्रा अपनी मां के बचाव में आए और इसका विरोध किया, तो रामचंद्र की उनसे कहासुनी हो गई। इसी विवाद ने आगे चलकर गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में आकर रामचंद्र ने बेटे और बहू को गाड़ी से कुचल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, गाड़ी जब्त

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ चंगोई गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास घेराबंदी की और आरोपी रामचंद्र को मौके के पास से हिरासत में ले लिया। वारदात में इस्तेमाल गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर नजदीकी सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

गांव में पुलिस बल तैनात, फोरेंसिक जांच भी होगी

घटना के बाद गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम से भी निरीक्षण कराया जा रहा है, ताकि जांच के दौरान जरूरी सबूत जुटाए जा सकें।

विज्ञापन

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में घटना के पूरे क्रम, पंचायत चुनाव को लेकर हुए विवाद और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें