भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के केंद्रीय बजट पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेसी नेता यदि भाजपा सरकार के बजट की प्रशंसा कर दें तो उनकी दुकान उठ जाएगी। इसलिए वे हमेशा हमारे बजट को निराशाजनक ही बताते हैं। राठौड़ ने कहा कि डोटासरा जी को तुलनात्मक अध्ययन करना चाहिए। 2004 में जहां इनकम टैक्स में केवल 50 हजार रुपए तक की छूट थी, वहीं आज भाजपा सरकार ने इसे बढ़ाकर 12 लाख से अधिक तक की कर दी।
केवल टैक्स ही नहीं, देश में हो रहे व्यापक विकास को भी देखना चाहिए। हमने हजारों किलोमीटर रेलवे लाइनों का विद्युतीकरण किया, अनेक नए प्लेटफार्म विकसित किए। जयपुर, उदयपुर और जोधपुर रेलवे स्टेशनों सहित 300 से अधिक छोटे बड़े प्लेटफार्मों के विकास हेतु केंद्र सरकार ने बजट दिया है, लेकिन यह सब डोटासरा जी को दिखाई नहीं देता।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि फोरलेन और 6-लेन सड़कों का निर्माण, भारतमाला परियोजना के अंतर्गत सड़कों का जाल, वंदे भारत और द्रुतगति ट्रेनों का संचालन, राष्ट्रीय जलमार्गों का विकास ये सभी ऐतिहासिक कार्य हैं, परंतु कांग्रेस नेताओं को विकास नहीं दिखता क्योंकि वे जनता को भ्रमित करना चाहते हैं। राठौड़ ने बताया कि पहले देश में केवल 1.25 करोड़ लोग इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करते थे, आज यह संख्या 10 करोड़ से अधिक हो गई है।
पढ़ें: राजस्थान में केंद्रीय बजट पर दो राय: कांग्रेस ने बताया फीका, भाजपा ने बांधे तारीफों के पुल; डांगी क्या बोले?
2013 में मात्र 1 प्रतिशत लोग टैक्स देते थे, आज यह बढ़कर 8 प्रतिशत हो गया है। 2004 में प्रति व्यक्ति आय 23 हजार रुपए थी, जो आज बढ़कर 2 लाख 5 हजार रुपए से अधिक हो चुकी है। ये आंकड़ें किसी कल्पना पर आधारित नहीं, बल्कि सच्चाई को दर्शाते हैं। प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि मोदी सरकार ने रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल की है, हथियार अब देश में बन रहे हैं। लॉजिस्टिक्स व्यवस्था मजबूत होने से किसान अपनी फसल गोदामों में रखकर देश के किसी भी कोने में भेज पा रहे हैं। आधारभूत ढांचे सड़क, रेल, बिजली, चिकित्सा, सौर ऊर्जा हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुआ है।
बजट से मिलेगी जयपुर के विकास को नई दिशा - मंजू शर्मा
जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश केंद्रीय बजट 2026-27 को महिला सशक्तिकरण के साथ हस्तशिल्प, हथकरघा, कारीगरी और पारंपरिक कला को वैश्विक पहचान दिलाने वाला ऐसा बजट बताया है जो जयपुर को विरासत के साथ विकास की ओर ले जाएगा।
सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि इस बजट में टेक्सटाइल, हैंडलूम और हस्तशिल्प क्षेत्रों के लिए की गई घोषणाओं से जयपुर के कारीगरों, शिल्पकार महिलाओं और लघु उद्यमियों को स्थायी रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना, क्लस्टर आधुनिकीकरण और मार्केट लिंकेंज के माध्यम से जयपुर की कलाकारी को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने का मजबूत आधार तैयार किया गया है।
मंजू शर्मा ने कहा कि बजट में हर जिले में महिला एवं बालिका छात्रावास निर्माण का प्रावधान जयपुर की बेटियों के सपनों को पंख देने वाला कदम है। जयपुर शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च अध्ययन का प्रमुख केंद्र है, ऐसे में छात्रावासों की सुविधा से दूर-दराज़ से आने वाली बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और सशक्त वातावरण मिलेगा।
सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि बजट में एमएसएमई और स्टार्टअप्स को दिए गए प्रोत्साहन से जयपुर के छोटे उद्योग, हस्तशिल्प इकाइयाँ और नवाचार आधारित व्यवसाय नई गति पकड़ेंगे। दस हजार करोड़ रुपए केएमएसएमई विकास कोष, क्रेडिट गारंटी और टियर-2 शहरों पर विशेष फोकस से जयपुर में रोजगार सृजन, स्वरोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी से जुड़े प्रावधान जयपुर को पर्यटन, व्यापार और निवेश का राष्ट्रीय हब बनाने में सहायक होंगे। रेलवे के आधुनिकीकरण, शहरी विकास योजनाओं और स्मार्ट कनेक्टिविटी से जयपुर का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि यह बजट प्रदेश और देश को आर्थिक मजबूती देनेवाला और स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत को साकार करनेवाला सर्वस्पर्शी बजट है। इसमें युवा, महिलाओं, किसान, एमएसएमई, स्टार्टअप, उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा और नवाचार जैसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों को केंद्र में रखा गया है। विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस,सेमीकंडक्टर मिशन, नवीकरणीय ऊर्जा जैसे आधुनिक क्षेत्रों को नई गति देने के प्रावधान भारत को तकनीकी महाशक्ति बनाने की दिशा में निर्णायक सिद्ध होंगे।
विकसित भारत का निर्माण करने वाला बजट -- मंत्री मदन दिलावर
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार ने सभी वर्गों को लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से यह बजट पेश किया है, जिसमें गरीब, वंचित और शोषित वर्गों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक जिले में गर्ल्स छात्रावास की स्थापना, तीन नए आयुर्वेदिक एम्स खोलने तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए ‘श्री मार्ट’ स्थापित करने की घोषणा की गई है। साथ ही ‘लखपति दीदी’ योजना के दायरे को और विस्तार देने का प्रावधान किया गया है।
खेल क्षेत्र को रोजगार, स्किलिंग और नौकरी के नए अवसरों का बड़ा माध्यम बताते हुए ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम को और मजबूत किया गया है। इसके तहत खेल प्रतिभाओं को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के लिए ‘खेलो इंडिया मिशन’ शुरू करने की घोषणा की गई है। इसके अलावा मोटर यान दुर्घटना में मिलने वाली मुआवजा राशि को कर-मुक्त करने का फैसला आम नागरिकों को बड़ी राहत देने वाला है।