फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaipur News: हनुमान बेनीवाल के बयान पर बढ़ा सियासी घमासान, भाजपा प्रवक्ता ने धमकियां मिलने का लगाया आरोप

Thu, 04 Jun 2026 12:26 PM IST
जयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

भैराणा धाम में आयोजित धरने के दौरान नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की मुख्यमंत्री और राज्य मंत्रिमंडल पर की गई टिप्पणियों के बाद राजस्थान की राजनीति में विवाद गहरा गया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मेहराज चौधरी ने आरोप लगाया है कि बेनीवाल के बयान का सोशल मीडिया पर विरोध करने के बाद उन्हें लगातार अनजान नंबरों से धमकी भरे फोन कॉल आ रहे हैं।
विज्ञापन
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मेहराज चौधरी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान की राजनीति में भैराणा धाम में आयोजित धरने के दौरान दिए गए बयानों को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। 27 मई 2026 को आयोजित कार्यक्रम में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल द्वारा मुख्यमंत्री और राज्य मंत्रिमंडल को लेकर की गई टिप्पणियों के बाद भाजपा नेताओं और प्रवक्ताओं ने खुलकर विरोध जताया। अब भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मेहराज चौधरी ने खुद को धमकियां मिलने का आरोप लगाते हुए मामला पुलिस तक पहुंचा दिया है।

सोशल मीडिया पर विरोध के बाद आने लगे फोन कॉल

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मेहराज चौधरी ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर हनुमान बेनीवाल की टिप्पणियों का विरोध किया था। इसके बाद उन्हें लगातार अनजान नंबरों से फोन कॉल आने लगे। उनका आरोप है कि फोन करने वाले लोग उन्हें भाजपा के पक्ष में बोलने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं और खुले तौर पर धमकियां दे रहे हैं।

मोबाइल नंबर वायरल करने का आरोप

मेहराज चौधरी ने कहा कि उनका मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया है। इसके बाद उन्हें बड़ी संख्या में कॉल आने लगे। उन्होंने दावा किया कि फोन करने वाले लोग उन्हें हनुमान बेनीवाल के खिलाफ बयान नहीं देने की चेतावनी दे रहे हैं। कुछ लोगों ने उन्हें जान से मारने तक की धमकी दी है।

कॉलर्स की प्रोफाइल में लगी हैं बेनीवाल के साथ तस्वीरें

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि जिन लोगों के फोन आ रहे हैं, उनकी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर हनुमान बेनीवाल के साथ तस्वीरें लगी हुई हैं। उन्होंने कहा कि लगातार कॉल और धमकियों के कारण उन्हें मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि वह अपना मोबाइल फोन भी सामान्य रूप से इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं।

धमकियों से नहीं डरने की बात कही

मेहराज चौधरी ने कहा कि वह एक किसान परिवार से आते हैं और मेहनत के दम पर भाजपा में प्रदेश प्रवक्ता के पद तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनकी इस पहचान को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन वह किसी भी तरह की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक लड़ाई का जवाब राजनीतिक तरीके से ही दिया जाएगा।

अशोक नगर थाने में दर्ज कराई शिकायत

लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव से परेशान होकर मेहराज चौधरी ने जयपुर के अशोक नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि यह केवल शुरुआत है और आने वाले समय में यह राजनीतिक संघर्ष और अधिक तेज हो सकता है।

लीगल नोटिस पर भाजपा का जवाब

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को भेजे गए लीगल नोटिस के सवाल पर भाजपा नेता मुकेश दाधीच ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राजनीति में इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। नोटिस का जवाब कानूनी रूप से दिया जाएगा और माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं उठता।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें