सीएम भजनलाल शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संबोधन
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान कविता के माध्यम से विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर लूट, अराजकता और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार आने से प्रदेश में विकास और सुशासन को नई दिशा मिली है। सीएम शर्मा ने कहा, जब थी उनकी सरकार, चारो ओर थी लूटमारी, त्राहि-त्राहि करती जनता, हर तरफ थी लाचारी। ऐसे में जनता ने हमको दी जिम्मेदारी, आई डबल इंजन की सरकार हमारी, हुआ आशा का संचार।
भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था और भर्ती घोटालों पर भी विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में अपराधी बेकाबू थे और कानून व्यवस्था चरमरा गई थी। वहीं, उनकी सरकार ने अपराध पर नकेल कसते हुए प्रदेश में शांति व्यवस्था बहाल की। "थे अपराधी बेकाबू, कानून व्यवस्था भी हारी-हारी, अपराध नियंत्रण से शांति व्यवस्था हमने सुधारी। भर्ती दागदार की आपने, अटकी युवाओं की नौकरी सारी, थाम हाथ युवाओं का हमने की हर वर्ष रोजगार की तैयारी।"
केंद्र के सहयोग से लाचारी दूर करने का दावा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष पर दिल्ली दौरे को लेकर भी तंज कसा और कहा कि उनकी सरकार केंद्र के सहयोग से प्रदेश की जनता को राहत देने के लिए काम कर रही है। "भ्रष्टाचार की कर सवारी, किया खाली खजाना सरकारी, केंद्र के सहयोग से हटाए हमने लाचारी। दिल्ली से नजदीकी पर उनके दिल पर चली कटारी, ऐसी है डबल इंजन की सरकार हमारी।"
विकास योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री शर्मा ने सरकार की विकास योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में आर्थिक सुधारों के साथ बिजली, पानी, सड़क, रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य राइजिंग राजस्थान को विकसित प्रदेश बनाना है। "बेपटरी थी अर्थव्यवस्था, जेब कट रही थी भारी भारी, राइजिंग राजस्थान से विकसित प्रदेश की तैयारी। गांव खिले, शहर खिले, आएगी हर चेहरे पर मुस्कान की बारी, ऐसी है डबल इंजन की सरकार हमारी।"
मुख्यमंत्री के इस काव्यात्मक संबोधन पर सत्ता पक्ष ने जमकर तालियां बजाईं, जबकि विपक्ष ने विरोध दर्ज कराया।