राजस्थान सहित पूरे उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आमजन, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों से महत्वपूर्ण अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियां अत्यंत विकट हैं और तापमान लगातार नए रिकॉर्ड तोड़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य और सुरक्षा सर्वोपरि है।
गहलोत ने अपने जन्मदिन 3 मई के अवसर पर समर्थकों से विशेष अनुरोध किया है कि वे जयपुर आने से बचें। उन्होंने कहा कि इस समय अनावश्यक यात्रा करना न केवल असुविधाजनक है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी जोखिम भरा हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब मौसम अनुकूल होगा, तब वे स्वयं सभी को आमंत्रित कर मुलाकात करेंगे।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में रहकर समाजसेवा के कार्य करें। खासतौर पर इस भीषण गर्मी में जरूरतमंदों की सहायता, राहगीरों के लिए पानी की व्यवस्था और छाया उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। गहलोत ने समाजसेवियों और संगठनों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक ‘प्याऊ’ लगवाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे अपने घरों के बाहर पशु-पक्षियों के लिए पानी अवश्य रखें। गर्मी के इस दौर में जीव-जंतु भी गंभीर संकट से गुजरते हैं, ऐसे में यह छोटी-सी पहल उनके लिए जीवनदायी साबित हो सकती है।
पढ़ें- BJP विधायक-AEN थप्पड़कांड: हाई लेवल कमेटी करेगी जांच, CM को सौंपी जाएगी रिपोर्ट; क्यों चर्चा में है बिहाणी का बयान?
गहलोत ने स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों पर जोर देते हुए कहा कि लोग अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, खासकर दोपहर के समय। बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें, पर्याप्त पानी पिएं और लू से बचाव के सभी आवश्यक उपाय अपनाएं। उन्होंने अंत में कहा कि यह समय एक-दूसरे की मदद करने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का है। सभी लोग मिलकर इस कठिन समय का सामना करें और मानवता की मिसाल पेश करें।