राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा को स्वाइन फ्लू की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मंगलवार को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया। तबीयत खराब होने के बाद उनकी स्वाइन फ्लू की जांच कराई गई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें आगे के उपचार और निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती करने का निर्णय लिया। उन्हें अस्पताल के मेडिकल आईसीयू वार्ड में रखा गया है।
निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत इलाज
एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा का स्वाइन फ्लू के निर्धारित उपचार प्रोटोकॉल के तहत इलाज किया जा रहा है। उनकी आवश्यक जांचें कराई जा रही हैं। मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र अग्रवाल की निगरानी में चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।
मेडिकल आईसीयू में भर्ती
जानकारी के अनुसार, डॉ. मीणा को मेडिसिन विभाग में डॉ. आर.के. भीनमाल की इकाई के अंतर्गत मेडिकल आईसीयू में रखा गया है। स्वाइन फ्लू के संक्रमण को देखते हुए डॉक्टरों ने फिलहाल उन्हें दूसरे लोगों और परिचितों से मिलने से बचने की सलाह दी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ली स्वास्थ्य की जानकारी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा से फोन पर बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। मुख्यमंत्री ने बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल दीपक माहेश्वरी को भी आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मंगलवार रात भी डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के भाई जगमोहन मीणा से फोन पर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भी सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने का कामना की। गहलोत ने लिखा, 'राजस्थान सरकार में कृषि मंत्री श्री किरोड़ी लाल मीणा के अस्वस्थ होने का समाचार मिला है। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।'
राजस्थान में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले
इधर, राजस्थान में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। अगस्त 2026 के पहले पखवाड़े तक प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 129 मामले सामने आ चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में केवल 16 मामले दर्ज हुए थे। इस तरह एक साल में मामलों की संख्या में करीब आठ गुना बढ़ोतरी हुई है।
पड़ोसी राज्यों में बढ़ते संक्रमण के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत पड़ोसी राज्यों में संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद राजस्थान में भी स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। अस्पतालों को संक्रमण से निपटने के लिए आइसोलेशन बेड और आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
H1N1 के मौसमी पैटर्न का हिस्सा
विशेषज्ञों के अनुसार, मौजूदा संक्रमण किसी नए वायरस या नए स्ट्रेन के कारण नहीं है, बल्कि एच1एन1 वायरस के मौसमी पैटर्न का हिस्सा है। हालांकि, मामलों में हुई वृद्धि को देखते हुए सतर्कता, निगरानी और समय पर उपचार को जरूरी बताया जा रहा है।