राजस्थान आवासन मंडल की पांच नवीन आवासीय योजनाओं का बुधवार को आवास भवन, जयपुर में शुभारंभ किया गया। नगरीय विकास, स्वायत्त शासन एवं आवासन मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने इन योजनाओं की शुरुआत करते हुए कहा कि यह केवल मकानों का निर्माण नहीं है, बल्कि प्रदेशवासियों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में बड़ा कदम है।
जिन पांच आवासीय योजनाओं की शुरुआत आज की गई है उनमें-
बूंदी– नैनवा आवासीय योजना (Pocket A & B): 72 स्वतंत्र आवास, लागत ₹7.80 लाख से शुरू।
बारां– अटरू आवासीय योजना : 189 स्वतंत्र आवास, लागत ₹7.60 लाख से शुरू।
बाड़मेर– लंगेरा आवासीय योजना : 200 स्वतंत्र आवास (EWS/ LIG वर्ग), लागत ₹8.61 लाख से शुरू।
धौलपुर– बाड़ी रोड योजना : 64 फ्लैट्स (EWS/ LIG, G+3), लागत ₹12.45 लाख से शुरू।
उदयपुर– पानेरिया की मादड़ी योजना : 142 फ्लैट्स (EWS/ LIG, G+3), लागत ₹11.68 लाख से शुरू।
इस प्रकार कुल मिलाकर 667 आवास/ फ्लैट्स आमजन के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: Bikaner: दिल्ली–बीकानेर वंदे भारत ट्रेन को केंद्र की मंजूरी, जल्द शुरू होगी तेज और आधुनिक सुविधा वाली रेलसेवा
मंत्री खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार हर वर्ग को आधुनिक आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ मकान नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन का माध्यम है। सभी योजनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान आवासन मंडल आमजन की पहली पसंद है और बीकानेर शिवबाड़ी में भी नई आवासीय योजनाएं शुरू करने की मांग की। मई 2025 में भी मंडल ने 427 आवासों की पांच योजनाओं की शुरुआत जयपुर, बारां, बूंदी और धौलपुर में की थी।