5वीं की दो छात्राएं बीटीएस से मिलने के लिए स्कूल से स्टेशन पहुंचीं
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी जयपुर में पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली दो सहेलियां दक्षिण कोरियाई संगीत समूह बीटीएस से मिलने के लिए स्कूल की छुट्टी के बाद घर जाने के बजाय सीधे रेलवे स्टेशन पहुंच गईं। दोनों छात्राएं दक्षिण कोरियाई गायक और संगीत निर्माता बैंग सी ह्यूक (हिटमैन बैंग) से मिलना चाहती थीं। जब दोनों बच्चियां समय पर अपने घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और दोनों छात्राओं को गांधीनगर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद करके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सोशल मीडिया जांच से मिला सुराग
जयपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण ने बताया कि छात्रों के स्कूल से घर नहीं पहुंचने की सूचना पर थानाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित करके तलाश शुरू की गई। पुलिस ने परिजनों से दोनों बच्चियों की फोटो और पहचान संबंधी दस्तावेज प्राप्त किए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों छात्राएं सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थीं। जब उनके सोशल मीडिया खातों की तकनीकी जांच की गई तो यह बात सामने आई कि वे अपने परिजनों और मां के मोबाइल फोन से यू ट्यूब पर पॉप संगीत समूह बीटीएस के वीडियो लगातार देखती थीं।
ये भी पढ़ें: राजस्थान: कानों में ईयरबड्स, इंजेक्शन और फिर मौत... अलवर अस्पताल में मरीज की जान गई, परिजनों ने उठाए सवाल
रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामदगी
पुलिस टीम ने दोनों छात्राओं की तस्वीरें शहर के सभी पुलिस थानों, जीआरपी थानों, बस अड्डों और हवाई अड्डे पर भेजीं। तलाशी अभियान के दौरान दोनों बच्चियों के गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर होने की जानकारी मिली। रेलवे सुरक्षा बल ने दोनों छात्राओं को अपने पास सुरक्षित रखा था। इसके बाद पुलिस टीम ने शाम को गांधीनगर रेलवे स्टेशन पहुंचकर छात्राओं को अपने संरक्षण में ले लिया।
बाल कल्याण समिति और पुलिस के समक्ष हुई काउंसलिंग में बच्चियों ने बताया कि वे बीटीएस बैंड के वीडियो देखकर दक्षिण कोरियाई गायक से मिलने के लिए घर से निकली थीं। समिति के निर्देश के बाद पुलिस ने दोनों को उनके परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।