राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा और आरएसएस पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने शुद्धिकरण विवाद, जीडीपी ग्रोथ, बढ़ती एलपीजी कीमतों और नगर निकाय चुनाव में टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस के भीतर हुई नाराजगी समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
जूली ने कहा कि भाजपा और आरएसएस की ओर से लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दौरे के बाद कथित तौर पर कराए गए शुद्धिकरण का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में भेदभाव वाली मानसिकता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समानता का अधिकार देता है और किसी भी तरह के उत्पीड़न की अनुमति नहीं देता। जूली ने आरोप लगाया कि जब राहुल गांधी ने इस मुद्दे को उठाया तो उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का विरोध करेगी।
जीडीपी के आंकड़ों पर उठाए सवाल
जीडीपी ग्रोथ को लेकर जूली ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार खुद अपनी उपलब्धियों का प्रचार कर रही है, लेकिन जीडीपी के आंकड़ों का आम आदमी की स्थिति से क्या संबंध है, यह भी बताया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीडीपी बढ़ना अच्छी बात है लेकिन इसके साथ रोजगार, किसानों की आय, आम आदमी की आर्थिक स्थिति और लोगों की खुशहाली में कितना सुधार हुआ, इसका भी आकलन होना चाहिए। उन्होंने बेरोजगारी और आम लोगों पर बढ़ते कर्ज को लेकर भी चिंता जताई।
ये भी पढ़ें: बांसवाड़ा: भाजपा-कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाने उतरी BAP, पहली बार निकाय चुनाव में उतारे प्रत्याशी
एलपीजी कीमतों में बढ़ोतरी पर भी हमला
कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर जूली ने कहा कि सरकार लगातार जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है। उन्होंने सीएनजी, पीएनजी, घरेलू और कमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमतों का जिक्र करते हुए कहा कि बढ़ती लागत का सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से जरूरी वस्तुओं और ऊर्जा की कीमतों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने की मांग की।
टिकट वितरण पर बोले- कांग्रेस एकजुट
नगर निकाय चुनाव में टिकट वितरण को लेकर पार्टी में सामने आई नाराजगी पर जूली ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेशभर में बेहतर तरीके से टिकट बांटे हैं। उन्होंने माना कि कुछ जगहों पर दावेदारों के बीच असंतोष होना स्वाभाविक है लेकिन पार्टी सभी कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उन्हें साथ लेकर चलेगी। उन्होंने कहा कि ये भाजपा को आईना दिखाने का वक्त है, तीन वर्ष के कुशासन का परिणाम देने का समय है। जूली ने दावा किया कि कांग्रेस के कार्यकर्ता एकजुट हैं और मिलकर भाजपा को जवाब देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के हर कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोच्च है और जिन्हें इस चुनाव में टिकट नहीं मिला, उन्हें भविष्य में संगठन और अन्य जिम्मेदारियों में समायोजित किया जाएगा।