राजधानी जयपुर में अपराध की तीन अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने एक मामले में सुपारी देकर जानलेवा हमला करवाने के आरोप में मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया है, वहीं एक अन्य मामले में हथियारबंद बदमाशों ने युवक से लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। तीसरी घटना में एक युवती ने प्रेमी द्वारा धोखा दिए जाने के चलते जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
सुपारी देकर हमला करवाने वाला आरोपित गिरफ्तार
संजय सर्कल थाना पुलिस ने सुपारी देकर जानलेवा हमला कराने के मामले में मुख्य आरोपित रमजान मंसुरी उर्फ भुरिया चौहान, निवासी रामगढ़ मोड़, ब्रह्मपुरी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर, बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि 2 जून को संजय सर्कल क्षेत्र में एक व्यक्ति पर पाइप, सरियों और डंडों से हमला किया गया था। इस मामले में पहले ही तीन हमलावर मोहम्मद अफजल, मोहम्मद जुनैद और मोहम्मद रुस्तम को गिरफ्तार किया जा चुका है। एफआईआर दर्ज होने के बाद गठित विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ मुखबिरों की सूचना के आधार पर फरार मुख्य साजिशकर्ता रमजान को गिरफ्तार कर लिया।
गोली मारने की धमकी देकर युवक से ऑनलाइन ठगी
बजाज नगर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम हथियारबंद बदमाशों ने 18 वर्षीय छात्र नरेन्द्र कुमार सैनी को जान से मारने की धमकी देकर 40 हजार रुपये ठग लिए और उसका मोबाइल फोन भी लूट लिया।
नरेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह गांधीनगर रेलवे स्टेशन के बाहर खड़ा था, तभी एक अजनबी मोबाइल मांगकर उसे बातों में लगाकर पास ही ले गया। वहां पहले से मौजूद दो अन्य बदमाशों के साथ मिलकर तीनों ने उससे मारपीट करके धमकी दी और उसके दोस्तों से दो बार में कुल 40 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। इसके बाद उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
प्रेमी के धोखे से दुखी युवती ने खाया जहर
करणी विहार थाना क्षेत्र में एक युवती ने प्रेमी के धोखे से आहत होकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपित प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मृतका पिछले तीन वर्षों से एक युवक के संपर्क में थी, जिसने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए लेकिन जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने इंकार कर दिया और किसी अन्य लड़की से विवाह की बात कह दी। यह बात सुनकर मानसिक आघात में आई युवती ने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के भाई के अनुसार अस्पताल ले जाते समय बहन ने पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी थी, जिसके आधार पर आरोपी प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस इन तीनों मामलों की जांच कर रही है और आमजन से सतर्क रहने की अपील की गई है।