पाली शहर में 9 महीने पहले एक महिला के बैग से हुए 24 तोला सोने के गहनों की चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने हरियाणा की सांसी गैंग का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने अब दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो हरियाणा के रहने वाले हैं। इससे पहले पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है।
24 तोला सोने के गहनों पर किया था हाथ साफ
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र और जोगेन्द्र के रूप में हुई है, जोकि हरियाणा के सांसी गैंग से जुड़े हुए हैं। गौरतलब है कि चोरी की घटना 20 अप्रैल 2024 को हुई थी, जब पीड़ित महिला ढिढोरा गांव जा रही थी। उसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने महिला के सूटकेस में रखे 24 तोला सोने के गहने चोरी कर लिए थे।
सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा
पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की और रोडवेज बस स्टैंड पाली से लेकर जोधपुर बस स्टैंड के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इसमें आरोपियों के बारे में सुराग हाथ लगे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
एक आरोपी पहले हो चुका है गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी एक आरोपी राजेन्द्र को गिरफ्तार किया जा चुका है और अब सुरेन्द्र और जोगेन्द्र से पूछताछ की जा रही है।