राजस्थान में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर आप दंग रह जाएंगे। एक दूल्हा अपनी सुहागरात के अगले दिन रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। बीते नौ दिनों से नई-नवेली दुल्हन और उसके परिवार दूल्हे का इंतजार कर रहे थे, लेकिन वह घर नहीं लौटा। इसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। दरअसल, यह मामला राजस्थान के करौली जिले के कुडगांव इलाके का है। आशीष कुमार उर्फ गोलू की शादी नौ दिन पहले हिंडौन तहसील के एक गांव में हुई थी। शादी से पहले सबकुछ ठीक था। शादी की अगली रात 12 बजे आशीष ने अपनी दुल्हन को बताया कि वह शौच करने बाहर जा रहा है, जिसके बाद वह घर नहीं आया।
दुल्हन ने परिजनों को दी जानकारी
नई-नवेली दुल्हन ने आशीष का काफी देर तक इंतजार किया, लेकिन जब वह वापस नहीं आया तो उसने परिवार वालों को बताया। इसके बाद आशीष के परिजन उसे ढूंढने लगे। काफी देर तक ढूंढने पर जब आशीष नहीं मिला तो दूल्हे के परिजन ने आशीष के मोबाइल पर फोन किया तो पता चला मोबाइल घर पर ही रखा है।
थाने में लिखवाई गई रिपोर्ट
आषीश के भाई पुष्पेंद्र ने पुलिस थाने में रिपोर्ट लिखवाई है। उसने पुलिस वालों को बताया कि आशीष का कुछ पता नहीं चला है। परिजनों का कहना है कि आशीष का किसी को कोई विवाद नहीं था। इसके अलावा उसने पहले कभी इस तरह की हरकत भी नहीं की।
पुलिस की तलाश है जारी
पुलिस ने दूल्हे के भाई पुष्पेंद्र की रिपोर्ट पर गुमशुदगी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आशीष की तलाश कर रही है, लेकिन घर से निकलने से पहले आशीष के फोन न ले जाने की वजह से पुलिस को उसे ढूंढने में दिक्कत हो रही है। फिलहाल पुलिस की तलाश जारी है।