चूरू में पिस्तौल के बल पर एक दसवीं की छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने पांच आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया है। पुलिस ने पीड़िता का सरकारी अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से चेकअप करवाया है।
चूरू महिला थाना थाना अधिकारी सुखराम चोटिया ने बताया कि 15 साल की नाबालिग से पांच युवकों ने दुष्कर्म किया। नाबालिग छात्रा के पिता ने बताया कि उसकी बेटी 10वीं क्लास में गांव की ही सरकारी स्कूल में पढ़ती है। पीड़ित लड़की के अनुसार 7 अगस्त 2022 को आरोपी अलियान शाह से सोशल साइट पर पहचान हुई। अगले दिन जब वह सुबह स्कूल जा रही थी, तभी बस स्टैंड पर अलीयान शाह मिला। उसने धमकी दी कि उसके दोस्त पवन जांगिड़ से बात कर लेना नहीं तो तुम्हें नहीं छोडूंगा। तीन चार दिन सोशल मीडिया पर बात करने के बाद पवन जांगिड़ ने वीडियो कॉल किया। उसने पिस्तौल दिखाकर धमकाया कि कहना नहीं मानेगी तो उसे घर से उठवा दूंगा और तेरे मां-बाप को मार दूंगा।
अश्लील फोटो और वीडियो भी बनाए
पीड़िता के अनुसार 8 अक्टूबर को पवन जांगिड़ ने डरा-धमकाकर उसे चूरू बुलाया, जहां वह अपने दोस्त राजपाल के साथ मिला। राजपाल ने खुद को पुलिस कांस्टेबल बताया। उसके बाद दोनों उसे लोहिया कॉलेज के पास गली में एक कैफे के कमरे में ले गए, जहां दोनों ने पिस्तौल के दम पर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के दौरान आरोपियों ने उसकी अश्लील फोटो और विडियो भी बना लिए। इसके बाद पवन जांगिड़ और राजपाल ने उसे बोलेरो ड्राइवर राहुल के हवाले कर दिया। राहुल उसे बोलेरो से ले गया और झाड़ियों में ले जाकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
वीडियो धमकी शेयर करने की धमकी
दुष्कर्म के बाद पीड़िता गुमसुम रहने लगी और उसकी तबीयत भी खराब रहने लगी। 8 नवंबर को आरोपी पवन जांगिड़ ने विडियो शेयर करने की धमकी देकर उसे राजलदेसर बुलाया।, जहां आरोपी तो नहीं पहुंचा, लेकिन नाबालिग को अकेला देखकर पुलिस ने पूछताछ की और उसे परिजनों के हवाले कर दिया।
पीड़िता के पिता ने रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि अलीयन शाह, पवन जांगिड़, राजपाल, केडी और राहुल उर्फ प्रधान ने डरा धमका कर पीड़िता के साथ गैंगरेप किया। बहरहाल, पुलिस ने आईपीसी और पॉक्सो की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।