ट्रांसफार्मरों से तांबा चुराने वाली अंतर्राज्यीय गैंग के चार सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी एक बंद फैक्ट्री में डकैती की योजना बना रहे थे। एसपी शांतनु कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ में जिले में 78 डीपी से तांबा चोरी करना कबूल किया है।
गिरफ्तार बदमाश जाफर उर्फ छोटू पुत्र नूर मोहम्मद (25), इकबाल उर्फ बल्लू पुत्र खुर्शीद मेव (45) जिला नूह मेवात, मुनफरीद उर्फ मुनफा पुत्र अली मोहम्मद मेव (19) और साकिर उर्फ सकुरा पुत्र नूरदीन मेव (25) गांव चैलाकी थाना चौपानकी के रहने वाले हैं। इकबाल उर्फ बिल्लू हरियाणा में भी डीपी चोरी की दर्जनों वारदात में चालान शुदा है। यह गैंग राजस्थान, हरियाणा और यूपी में कई वारदातों को अंजाम दे चुकी है। आरोपी डीपी से तांबा निकालकर कबाड़ी को 500 रुपए किलो के भाव से बेचते थे।
एसपी सिंह ने कहा कि बीते कुछ साल में भिवाड़ी और आसपास के जिलों में डीपी से तांबा चोरी की सैकड़ों वारदात हुई। इन वारदातों को रोकने और गैंग को पकड़ने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू ने डीएसटी टीम को टास्क दिया था। डीएसटी टीम ने थाना चौपानकी पर कैंप लगाकर गैंग को पकड़ने के लिए काफी जांच पड़ताल की।
टीम के सदस्यों ने फर्जी ग्राहक बनकर कबाड़ी वालों से संपर्क किया। जानकारी जुटाकर गैंग के सक्रिय सदस्यों को चिन्हित कर उनकी निगरानी की गई। सोमवार को चौपानकी थाना क्षेत्र के बंद पड़ी महू बियर फैक्ट्री पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से देशी कट्टा, लोहे का सरिया, डीपी खोलने के औजार, मिर्च पाउडर, रस्सी का टुकड़ा, कार और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।