नवलगढ़ रोड स्थित कलाम कोचिंग संस्थान
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के सीकर में ईडी ने सोमवार को दस्तक दी। नवलगढ़ रोड पर स्थित कलाम एकेडमी कोचिंग संस्थान में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के पहुंचने पर अफरा-तफरी मच गई। ईडी ने आते ही कोचिंग में किसी को भी अंदर आने नहीं दिया। ईडी के अधिकारी कोचिंग के अंदर जांच-पड़ताल की कार्रवाई में जुटे हुए हैं। ईडी की टीम पेपर लीक और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच में जुटी हुई है।
कलाम कोचिंग ईडी के दायरे में
कलाम कोचिंग के ऊपर ईडी की कार्रवाई से जहां पूरे शहर में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, इस कार्रवाई को लोग वरिष्ठ और कद्दावर कांग्रेस नेता से जोड़कर भी देख रहे हैं। चर्चा है कि कलाम कोचिंग में नेता के निकटवर्ती परिजन भी हिस्सेदार बताए जा रहे हैं। पिछले दिनों RPSC भर्ती में हुए घोटाले के मद्देनजर भी ईडी की इस रेड को जोड़कर देखा जा रहा है। कलाम कोचिंग का नाम विधानसभा में भी उठ चुका है। एक साथ कई सलेक्शन RAS भर्ती परीक्षा में देने के कारण यह कोचिंग पहले भी चर्चा में आ चुका है। तब बीजेपी विधायक और पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने विधानसभा में मामला उठाया था।
ईडी की इस कार्रवाई को लेकर अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। लेकिन पूरे शहर में चर्चाओं का दौर जारी है। माना यह भी जा रहा है कि बीजेपी सांसद डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने पिछले दिनों ईडी को जो शिकायत की थी और कुछ कोचिंग वालों ने ईडी को जानकारी दी थी। उसमें कलाम कोचिंग का भी नाम था। इसी के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई है।