भोपा ने महिला को कोड़ों से पीटा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
जिले के बसेड़ी उपखंड के गांव भारली में अंधविश्वास का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक भोपा ने महिला पर भूत-प्रेत का असर बताकर उसकी बेरहमी से कोड़ों से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
वायरल वीडियो में महिला को लगातार पिटते देखा जा सकता है जबकि आसपास खड़े लोग भैरव बाबा के जयकारे लगा रहे हैं। वीडियो सामने आते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: फर्जी कंपनियां खोलकर निवेशकों संग 50 करोड़ की ठगी का भंडाफोड़, SOG ने तीन आरोपी किए गिरफ्तार
बसेड़ी थाना प्रभारी बृजेश मीणा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भोपा बंटी पुत्र रनवीर को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ धारा 151 के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में यदि महिला से मारपीट और अंधविश्वास फैलाने की पुष्टि होती है तो आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अंधविश्वास और झाड़-फूंक जैसी कुप्रथाओं से दूर रहें और मानसिक या शारीरिक समस्या होने पर डॉक्टरों से इलाज कराएं। थाना प्रभारी ने कहा कि अशिक्षा और अंधविश्वास के चलते भोपा जैसे लोग महिलाओं को निशाना बनाते हैं, जिससे उनका शारीरिक शोषण होने के साथ-साथ सामाजिक प्रतिष्ठा भी प्रभावित होती है।