धौलपुर जिले में बुधवार दोपहर नगर परिषद ने अतिक्रमण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए जगदीश टॉकीज रोड पर अवैध निर्माणों को हटाने का अभियान चलाया। नगर परिषद के अधिकारियों ने दो जेसीबी मशीनों की सहायता से उन निर्माणों को ध्वस्त किया, जो लोगों ने नाले और सार्वजनिक स्थानों पर कर रखे थे। यह अभियान केनरा बैंक से लेकर शिव नगर कॉलोनी और पोखरा की ओर चलाया गया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन नगर परिषद की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई जारी रखी।
अतिक्रमण हटाने के दौरान कई लोगों ने नगर परिषद अधिकारियों से बहस की और विरोध करने की कोशिश की। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान शहर को सुव्यवस्थित बनाने और यातायात को सुचारू करने के लिए आवश्यक है।
यह भी पढ़ें: होली की लोक परंपराओं में महिला सशक्तिकरण के दिग्दर्शन, अड़िया रमत परंपरा में शामिल हुए लोग, Video
पहले भी दी गई थी चेतावनी
नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन वे निर्धारित समय सीमा में स्वयं निर्माण नहीं हटाए। इसी के चलते यह सख्त कार्रवाई की गई।नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे अतिक्रमण न करें और स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर बनाने में सहयोग करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आगे भी अतिक्रमण हटाने की ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।