धौलपुर में ऑपरेशन सुदर्शन चक्र अभियान के दौरान कौलारी थाना पुलिस ने बुधवार रात कार्रवाई करते हुए 23 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शुदा अपराधियों में हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर और आदतन अपराधी भी शामिल हैं। कुछ बदमाशों से अवैध हथियार भी बरामद किए है, अपराधियों से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
कौलारी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह मीणा ने बताया, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के निर्देश में वांछित अपराधी और बदमाशों की धरपकड़ के लिए ऑपरेशन सुदर्शन चक्र अभियान चलाया जा रहा है, जिस अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज रही है। थाना प्रभारी ने बताया, थाना पुलिस की अलग-अलग टीम गठित कर अपराधियों को चिन्हित कर उनके संबंध ठिकानों पर दबिश की कार्रवाई को अंजाम दिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 23 अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
उन्होंने बताया, अपराधियों में आदतन अपराधी, बदमाश, हिस्ट्रीशीटर और वारंटी शामिल हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। उन्होंने बताया, ऑपरेशन सुदर्शन चक्र के तहत पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। कुछ अपराधियों के कब्जे से अवैध हथियार व जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
फिर भी नहीं थम रहा अपराध...
जयपुर मुख्यालय के निर्देश में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए बेशक धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन अपराध को रोकना जिला पुलिस के लिए बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। संगठित अपराध अर्थात सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रतिबंधित चंबल बजरी परिवहन पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। बजरी पर्यावरण पर रोक लगाने पुलिस में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। जिले के धौलपुर, बाड़ी, राजाखेड़ा, सरमथुरा, बसेड़ी, बसई नवाब, सैंपऊ, मनिया, मांगरोल आदि शहर एवं कस्बों से बजरी माफिया बेखौफ परिवहन कर रहे हैं। बजरी माफियाओं के काफिले रात हो या दिन धड़ल्ले से दौड़ रहे है। बजरी माफियाओं का कहर और आतंक इतना है कि हाइवे, सड़क मार्गों पर दुर्घटनाएं करने से भी नहीं चूकते हैं।