महवा में देरी होने पर पुलिस से उलझते लोग
- फोटो : अमर उजाला
जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौसा महुआ उपखंड के ग्राम पीपलखेड़ा में शनिवार रात करीब 8 बजे बाइक और बोलेरो के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने घायलों की मदद कर अस्पताल पहुंचाया
दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर बैठाया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को महुआ के जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
पुलिस की देरी पर ग्रामीणों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलने के बावजूद बालाहेड़ी थाना पुलिस के समय पर मौके पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। इस दौरान लोगों ने पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि बाद में मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
पढ़ें- हनुमानगढ़ विस्फोट साजिश: अजमेर के ऑटो चालक समेत तीन आरोपी अंबाला से गिरफ्तार, पड़ोसी बोले- सीधा-सादा था अकबर
घायलों की पहचान और स्थिति
बालाहेड़ी थाना प्रभारी सतनारायण बसवाल के अनुसार बोलेरो और बाइक की टक्कर में जोपाड़ा निवासी रमेश मीणा और गोविंद मीणा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। महुआ जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया।
फरार बोलेरो की तलाश में पुलिस
पुलिस ने दुर्घटना के बाद फरार हुई बोलेरो को पकड़ने के लिए नाकाबंदी करवाई है। थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई की जा रही है।