लोकसभा चुनाव 2024 के लिए राजस्थान में भाजपा ने 15 और कांग्रेस ने 10 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस और भाजपा की एक और लिस्ट जल्द ही जारी हो सकती है। ऐसे में अब निगाहें पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के गढ़ दौसा लोकसभा सीट पर है। क्योंकि कांग्रेस के इस दिग्गज नेता के भरोसे पूर्वी राजस्थान में पार्टी पूरे दमखम के साथ उतरने के लिए तैयार है। जबकि कैबिनेट मंत्री और दौसा के कद्दावर नेता डॉ. किरोड़ीलाल मीणा भी बड़ी चुनौती हैं। फिलहाल इस सीट पर दोनों ही पार्टी ने उम्मीदवारों का एलान नहीं किया है।
बता दें कि ऐसे में हर किसी कि निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दौसा लोकसभा सीट से किसको मौका दिया जाएगा? ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा इस बार दौसा सांसद जसकौर मीणा का टिकट काटकर किरोड़ीलाल मीणा के भाई जगहमोन को टिकट दे सकती है। वहीं, कांग्रेस की ओर से पायलट कैंप के विधायक मुरारीलाल मीणा के मैदान में उतरने की संभावना है। पिछले लोकसभा चुनाव में मुरारीलाल मीणा की पत्नी बहुत ही कम मतों से हारी थीं। लेकिन इस बार यहां कठिन मुकाबला देखने को मिल सकता है।
पायलट का गढ़ मानी जाती है दौसा सीट
दौसा लोकसभा सीट को सचिन पायलट का गढ़ माना जाता है। उनके पिता राजेश पायलट यहां से सांसद रहे चुके हैं। राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री और कद्दावर नेता डॉ. किरोड़ीलाल मीण की भी दौसा पर अच्छी पकड़ है। हालांकि, दोनों ही पार्टियों ने इस सीट के लिए किसी भी उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है। पिछले दो आम चुनावों में भाजपा ने प्रदेश की सभी सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार कांग्रेस हर हाल में भाजपा की जीत की हैट्रिक को रोकना चाहेगी।
कांग्रेस को पायलट पर भरोसा
कांग्रेस सचिन पायलट के जरिए पूर्वी राजस्थान की इस सीट पर जीत जरूर दर्ज करना चाहेगी। दौसा से वर्तमान में भाजपा की जसकौर मीणा सांसद हैं। माना जा रहा है कि भाजपा इस बार जसकौर की जगह किरोड़ीलाल मीणा के भाई जगमोहन को टिकट दे सकती है। इधर, कांग्रेस सचिन पायलट के करीबी माने जाने वाले विधायक मुरारीलाल मीणा को टिकट दे सकती है।
बताते चलें, साल 2019 के आम चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार बेहद कम मतों से जसकौर मीणा से हारी थी। लेकिन, इस बार माना जा रहा है कि दोनों पार्टियों के बीच सीट पर रोचक मुकाबला हो सकता है।