कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा
- फोटो : अमर उजाला
दौसा में कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा है कि राजनीति का पूरा खेल जनता के आशीर्वाद पर ही निर्भर करता है। जिस दिन जनता मुंह मोड़ लेती है, उस दिन शेर को भी घास खानी पड़ती है। इन चुनावों में कुछ ऐसा ही खेल देखने को मिला, जहां जनता ने हमारे जैसे शेरों को भी घास खिला दी है।
उन्होंने कहा कि चुनाव में हार-जीत तो चलती रहती है और वास्तव में हार के पीछे ही जीत छिपी हुई होती है। मंत्री डॉ. मीणा रविवार को दौसा के समीप महेश्वरा गांव में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
पद और जनादेश पर बेबाक बयान
कार्यक्रम के दौरान अपने मंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं का जिक्र करते हुए डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि मैं मंत्री रहूंगा या जाऊंगा, इस पर कुछ चर्चाएं लगातार चल रही हैं। इसलिए जब तक मैं ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहा हूं, तब तक आप लोग अपने विकास कार्य के प्रस्ताव लेकर आ जाओ। मैं इन सभी कामों को पूरा करवाने की पूरी गारंटी देता हूं।
समर्थकों द्वारा लगाए जाने वाले 'देखो-देखो कौन आया, शेर आया शेर आया' के नारों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि शेर तो शेर ही होता है, लेकिन जनता का आशीर्वाद बना रहने पर ही हम मजबूत होते हैं और विधायक, मंत्री, सांसद, मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री बनते हैं।
खेलों का महत्व और जनता से जुड़ाव
ग्रामीणों व खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि खेल इन्सान के शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ मानसिक विकारों को भी दूर करने का काम करते हैं। युवाओं का खेलों के प्रति रुझान लगातार होना चाहिए। राज्य सरकार भी खेलों को लगातार बढ़ावा दे रही है, ताकि सभी युवाओं का स्वास्थ्य एकदम सही रहे। उन्होंने कहा कि जनता के बीच बने रहने में ही उन्हें सबसे ज्यादा खुशी मिलती है। इसी वजह से वे अपना ज्यादातर समय आम जनता के बीच ही व्यतीत करते हैं और लोगों की समस्याएं सुनकर उनका समय पर समाधान करते हैं।