दौसा जिले के लालसोट उपखंड के मंडावरी थाना क्षेत्र में अवैध खनन रोकने गई वन विभाग की टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चेजा पत्थर ले जाने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त की है। इस मामले में पुलिस 17 नवंबर को गजबी मीना को गिरफ्तार कर चुकी है। अब गिरधारी लाल मीना की गिरफ्तारी के बाद कुल दो आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोकने पर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, वन विभाग राहुवास के नाका प्रभारी उम्मेदसिंह ने 16 नवंबर 2026 को मंडावरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 15 नवंबर को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर वे वनरक्षक मोहनलाल रैगर, हरेती बैरवा और वनमित्र रमेश चंद गुर्जर के साथ सरकारी कैम्पर से मंडावरी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।
इस दौरान खानपुर गांव में खेडला खुर्द की तरफ से चेजा पत्थर से भरी पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आती दिखाई दीं। वन विभाग की टीम ने चालकों से रवन्ना और टीपी मांगी, लेकिन वे दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद टीम ने राजस्थान वन अधिनियम 1953 की धारा 52 के तहत जब्ती की कार्रवाई शुरू की। इसी बात को लेकर ट्रैक्टर चालकों और वनकर्मियों के बीच विवाद हो गया।
लोहे की सब्बल से वनकर्मियों पर हमला करने का आरोप
रिपोर्ट के मुताबिक, इसी दौरान मोटरसाइकिलों से 3-4 लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि कैलाश उर्फ भंडारी और उसके भाई गजबी मीना ने ट्रैक्टर में रखी लोहे की सब्बल निकालकर वनकर्मियों पर हमला कर दिया। अन्य लोगों ने भी उनके साथ मारपीट की।
हमले में नाका प्रभारी उम्मेदसिंह के सिर में एक टांका आया, जबकि वनरक्षक मोहनलाल रैगर के सिर में 15 टांके लगे। अन्य वनकर्मियों के हाथ-पैर और कमर में चोटें आईं। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि कैलाश उर्फ भंडारी ने वनकर्मियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद अन्य ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गए। घायल वनकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
18 नवंबर को गिरधारी लाल मीना गिरफ्तार
पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थानाधिकारी जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में गठित टीम ने 18 नवंबर को गिरधारी लाल मीना (43) पुत्र कालूराम मीना, निवासी पाटी हमीरपुरा, थाना मंडावरी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चेजा पत्थर ले जाने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कैलाश उर्फ भंडारी समेत फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अवैध खनन रोकने गई वन विभाग की टीम पर हमले की इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। पुलिस ने कहा है कि सरकारी काम में बाधा डालने और कर्मचारियों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।