राजस्थान में मंगलवार को दौसा भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, 9 गंभीर घायलों का जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। मरने वालों में ज्यादातर छोटे बच्चे हैं। इसी हाईवे पर 5 दिन पहले टैंकर और कार की टक्क्र में 5 लोगों की मौत हो गई थी। दौसा सांसद मुरारी लाल मीणा ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि यह हाईवे जानलेवा हो चुका है। स्थानीय लोग इसे किलर रोड कहते हैं। मुरारी लाल मीणा का कहना है कि बीते एक साल में इस हाईवे पर ऐसे कई बड़े हादसे हुए हैं जिसमें 250 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है और इससे तीन गुना ज्यादा घायल हो चुके हैं। पिछले महीने इसी हाइवे पर एक ट्रेलर ने तेज रफ्तार में आते हुए एक बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी थी जिसमें बाइक पर बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी।
(दौसा सांसद- मुरारी लाल मीणा)
सांसद मुरारी लाल मीणा ने अमर उजाला को बताया कि दौसा हाईवे के इस स्ट्रैच को फोर लेन करने के लिए और डिवाइडर लगाए जाने के लिए उन्होंने कई बार केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गड़करी को पत्र लिखे।
उन्होंने कहा कि NH-148(दौसा–मनोहरपुर रोड)को चार लेन बदला जाना बेहद जरूरी है। यह मार्ग खाटू श्याम जी और मेंहदीपुर बालाजी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख रास्ता है। पूर्व में भी मैंने मंत्री महोदय को इस 65 किलोमीटर लंबे हाइवे को चार लेन करने हेतु पत्र लिखा था। पिछले एक वर्ष में यहां लगभग 250 लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग घायल हुए हैं। भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इस हाइवे का चार लेन होना अत्यंत आवश्यक है।
डेढ़ साल में 250 से ज्यादा हादसे
स्थानीय पुलिस के मुताबिक पिछले कुछ समय में इस हाईवे पर 250 से अधिक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें 80 से ज्यादा लोगों की जान गई और 300 से अधिक घायल हुए हैं।