प्रदर्शनकारी ग्रामीणों को समझाती पुलिस टीम
- फोटो : अमर उजाला
दौसा के सदर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कालीपहाड़ी के दांतली गांव में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे ने शनिवार को ग्रामीणों के गुस्से को फोड़ दिया। दरअसल, ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से छह वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई थी, लेकिन 24 घंटे तक कार्रवाई न होने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने दौसा–कालीपहाड़ी मार्ग को जाम कर धरना शुरू कर दिया। इससे सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
हादसे के बाद बिगड़े हालात
घटना के अनुसार दांतली निवासी 6 वर्षीय अर्पिता योगी शुक्रवार को स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रही थी। इस दौरान वह दुकान से सामान लेने जा रही थी, तभी कालीपहाड़ी से दौसा की ओर जा रहे ओवरलोड पत्थर भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका एक पैर फ्रैक्चर हो गया और शरीर के एक हिस्से ने काम करना बंद कर दिया। जिला अस्पताल से हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
ग्रामीणों ने जाम के दौरान प्रशासन और खनन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिस जगह यह हादसा हुआ, कुछ दिन पहले भी वहीं स्कूल वैन पलट गई थी। तब ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत को बिना समाधान ही बंद कर दिया गया। लोगों का कहना है कि सड़क तो पीडब्ल्यूडी विभाग ने बना दी, लेकिन घनी आबादी वाले क्षेत्र और विद्यालयों के पास एक भी स्पीड ब्रेकर नहीं बनाया गया। इसी लापरवाही के चलते हादसे बार-बार हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Crime: ओड़िशा के पूर्व DGP मोहंती बरी, जर्मन महिला से दुष्कर्म के दोषी बेटे को फरार करवाने का मामला
धरने में उठी मांगें
गुस्साए ग्रामीणों ने कहा कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक तेज रफ्तार से गुजरते हैं। ऐसे में छोटे-छोटे बच्चे हमेशा खतरे में रहते हैं। उन्होंने मांग की कि दांतली, कालीपहाड़ी सहित पूरे आबादी क्षेत्र में तुरंत स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और सड़क पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि वाहन चालक सावधानी बरतें। साथ ही घायल बच्ची को उचित मुआवजा और संपूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाए।
पुलिस ने क्या बताया?
जाम की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाया। थानाधिकारी रविंद्र चौधरी ने कहा कि वे परीक्षा ड्यूटी पर हैं, लेकिन मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद पुलिस ग्रामीणों को धरना खत्म करने के लिए मनाने का प्रयास करती रही।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: मेगा हाईवे पर बस की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, 100 मीटर तक घसीटा; ग्रामीणों ने लगाया जाम