चलती ट्रेन में महिला ने बच्चे को दिया जन्म
- फोटो : अमर उजाला
दौसा जिले में सोमवार को बरेली एक्सप्रेस ट्रेन के सामान्य कोच में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया। तेज रफ्तार से दौड़ती ट्रेन में जैसे ही नवजात की किलकारी गूंजी, यात्रियों के बीच भावुक और राहत भरा माहौल बन गया। गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई, जिससे कोच में अफरातफरी की स्थिति बन गई।
यात्रियों की सतर्कता और प्रशासन की तत्परता
महिला की स्थिति बिगड़ते देख अन्य यात्रियों ने तुरंत सूचना रेल प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही रेलवे और आरपीएफ का तंत्र सक्रिय हो गया। आरपीएफ के एएसआई हरबर सिंह के अनुसार कठिन हालात के बावजूद यात्रियों, रेल स्टाफ और मेडिकल मदद की त्वरित व्यवस्था से जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित रहे।
गांधीधाम से नूंह जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक हरियाणा के नूंह जिले के चोखा गांव निवासी 30 वर्षीय मुमफिदा अपने परिजनों के साथ गांधीधाम से नूंह जा रही थीं। दौसा स्टेशन से पहले ही रास्ते में उन्हें तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ट्रेन दौसा के नजदीक पहुंची, उससे पहले ही उन्होंने सामान्य कोच में नवजात को जन्म दे दिया।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: SC ने राजस्थान के विवादास्पद धर्मांतरण विरोधी कानून की वैधता पर राज्य सरकार से मांगा जवाब, जानें
महिला यात्रियों ने दिखाई हिम्मत
कोच में मौजूद मुमफिदा की भाभी और अन्य महिला यात्रियों ने साहस का परिचय देते हुए डिलीवरी कराई और हालात को संभाले रखा। इस दौरान रेलवे कर्मचारी भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे और आवश्यक सहायता सुनिश्चित की।
दौसा स्टेशन पर 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
जैसे ही ट्रेन दौसा स्टेशन पर रुकी, रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ ने बिना देरी किए 108 एंबुलेंस की व्यवस्था की। कुछ ही मिनटों में एंबुलेंस पहुंची और जच्चा-बच्चा को सुरक्षित दौसा जिला अस्पताल भेजा गया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है।