फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान पंचायत चुनाव: दौसा की 6 पंचायत समितियों में 67.38% मतदान, मंडावर में सबसे ज्यादा वोटिंग

Fri, 30 Oct 2026 09:01 PM IST
दौसा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दौसा

सार

दौसा जिले की छह पंचायत समितियों में बुधवार को पंचायत चुनाव के दौरान 67.38 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम 6 बजे तक सबसे अधिक 68.61 प्रतिशत वोटिंग मंडावर में दर्ज की गई, जबकि बांदीकुई में सबसे कम 66.08 प्रतिशत मतदान हुआ। इन पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद के 13 और पंचायत समिति के 98 वार्डों के लिए मतदान कराया गया। 
विज्ञापन
दोसा मतदान केंद्र पर जानकारी करती कलेक्टर - फोटो : credit
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान के दौसा जिले में पंचायत चुनाव के दौरान मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बुधवार को जिले की छह पंचायत समितियों में शाम 6 बजे तक 67.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मंडावर मतदान के मामले में सबसे आगे रहा। सुबह मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन दोपहर बाद इसमें तेजी आई और शाम तक आंकड़ा 67 प्रतिशत के पार पहुंच गया।
विज्ञापन


मंडावर में सबसे ज्यादा, बांदीकुई में सबसे कम मतदान
जिला निर्वाचन शाखा से मिले आंकड़ों के अनुसार, छह पंचायत समितियों में मतदान का प्रतिशत इस प्रकार रहा:
  • मंडावर: 68.61 प्रतिशत
  • बसवा: 68.31 प्रतिशत
  • मनोहरपुर खेड़ला: 68.14 प्रतिशत
  • महवा: 67.55 प्रतिशत
  • बैजूपाड़ा: 67.36 प्रतिशत
  • बांदीकुई: 66.08 प्रतिशत

इन छह पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद के 13 वार्ड और पंचायत समिति के 98 वार्डों के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

सुबह धीमी रही मतदान की रफ्तार, शाम तक बढ़ा आंकड़ा
बुधवार सुबह मतदान केंद्रों पर प्रक्रिया शुरू होने के बाद शुरुआती घंटों में वोटिंग की रफ्तार धीमी रही। सुबह 10 बजे तक 14.77 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके बाद मतदाताओं की संख्या बढ़ी और दोपहर 1 बजे तक आंकड़ा 34.53 प्रतिशत पहुंच गया।
विज्ञापन

दोपहर 3 बजे तक 50.51 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद भी बूथों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा और शाम 6 बजे तक कुल मतदान 67.38 प्रतिशत हो गया।

बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था
मतदान के दौरान बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं में भी उत्साह देखने को मिला। प्रशासन की ओर से उनके लिए व्हीलचेयर, वाहनों और वालंटियर्स की व्यवस्था की गई थी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स ने भी बुजुर्गों और दिव्यांगों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने में मदद की।

पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं में दिखा उत्साह
चुनाव में पहली बार मतदान करने पहुंचे नवमतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। कई युवा अपने परिवार के साथ तो कई दोस्तों के समूह में मतदान केंद्र पहुंचे। पहली बार वोट डालने के अनुभव को यादगार बनाने के लिए युवाओं में खासा उत्साह दिखा।

आदर्श बूथ और सेल्फी पॉइंट बने आकर्षण
जिले में कई स्थानों पर आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया था। मतदान के बाद सेल्फी पॉइंट पर फोटो खिंचवाने का आकर्षण भी देखने को मिला। युवाओं के साथ बुजुर्ग मतदाताओं ने भी यहां तस्वीरें खिंचवाईं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें