मौका तस्दीक के लिए पीड़िता के घर चिपकाया नोटिस
नगर परिषद चित्तौड़गढ़ के पूर्व सभापति संदीप शर्मा पर लगे यौन शोषण के आरोपों के मामले में नया मोड़ आ गया है। हाल ही में पुलिस द्वारा न्यायालय में नेगेटिव रिपोर्ट पेश किए जाने के बाद अब पुलिस की ओर से पीड़िता के घर आधी रात को एक नोटिस चस्पा किया गया है। यह नोटिस महिला अपराध एवं अनुसंधान प्रकोष्ठ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हितैष मेहता द्वारा जारी किया गया, जिसमें पीड़िता से दिल्ली और मुंबई के होटलों की मौका तस्दीक के लिए उपस्थित होने को कहा गया है।
पुलिस ने नोटिस में बताया है कि अनुसंधान को माननीय उच्च न्यायालय और उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशानुसार निष्पक्ष और शीघ्र पूर्ण किया जाना है। इसके लिए पीड़िता से 27 से 30 अप्रैल के बीच किसी भी दिन मौका तस्दीक के लिए समय देने का अनुरोध किया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई उत्तर नहीं दिया गया तो यह माना जाएगा कि वह तस्दीक में सहयोग नहीं करना चाहती। नोटिस में पीड़िता के मोबाइल बंद होने का भी उल्लेख किया गया है।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: शाह से चर्चा के बाद एक्शन में CM, पाक नागरिकों के वीजा निरस्ती के निर्देशों पर सख्त पालन के आदेश
इस प्रकरण की शुरुआत तब हुई जब एक विवाहिता ने सदर थाने में पूर्व सभापति संदीप शर्मा पर यौन शोषण का मामला दर्ज कराया। इसके बाद से मामले में कई उतार-चढ़ाव देखे गए। पहले जांच अधिकारी गोपाल चंदेल द्वारा की गई जांच से पीड़िता असंतुष्ट रही और उसने इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों और मानवाधिकार आयोग तक की। इसके बाद जांच अधिकारी बदला गया और अब हितैष मेहता को नई जिम्मेदारी दी गई है।
सूत्रों के अनुसार पूर्व जांच अधिकारी द्वारा बिना पीड़िता की उपस्थिति के ही दिल्ली और मुंबई के होटलों का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की गई थी, जिस पर पीड़िता ने आपत्ति जताई थी। इसी कारण अब दोबारा मौका तस्दीक की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।