फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: 28 साल बाद मूल स्थान पर लौटेंगे भगवान नटराज, तस्करों ने मंदिर से चुराकर लंदन पहुंचा दी थी प्रतिमा

Tue, 24 Nov 2026 12:02 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चित्तौड़गढ़

सार

चित्तौड़गढ़ के बाड़ोली स्थित घटेश्वर महादेव मंदिर से 1998 में चोरी हुई 10वीं शताब्दी की नटराज प्रतिमा करीब 28 साल बाद अपने मूल स्थान पर स्थापित होगी। अंतरराष्ट्रीय तस्कर इसे लंदन ले गए थे।
विज्ञापन
मूल स्थान पर लौटेंगे भगवान नटराज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के बाड़ोली स्थित ऐतिहासिक घटेश्वर महादेव मंदिर में करीब 28 साल बाद एक बार फिर भगवान शिव के नटराज स्वरूप की दुर्लभ प्रतिमा विराजमान होने जा रही है। 10वीं शताब्दी की इस ऐतिहासिक प्रतिमा को फरवरी 1998 में अंतरराष्ट्रीय मूर्ति तस्करों ने मंदिर से चोरी कर लिया था। तस्करों ने चोरी को अंजाम देने के बाद असली प्रतिमा की जगह नकली मूर्ति रख दी थी, जिससे लंबे समय तक इस चोरी का पता नहीं चल सका। अब लंबी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद प्रतिमा की उसके मूल स्थान पर पुनर्स्थापना की अंतिम चरण की तैयारियां चल रही हैं।

1998 में चोरी हुई थी दुर्लभ प्रतिमा, नकली मूर्ति रखकर हुए थे फरार

घटेश्वर महादेव मंदिर से नटराज की प्राचीन प्रतिमा चोरी होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था। प्रतिमा की बरामदगी के लिए क्षेत्र के लोगों ने आंदोलन शुरू किया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की। जांच में सामने आया कि अंतरराष्ट्रीय मूर्ति तस्करों का गिरोह इस दुर्लभ प्रतिमा को भारत से बाहर लंदन ले गया है। वर्ष 2003 में राजस्थान पुलिस ने तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए प्रतिमा के लंदन में होने की जानकारी सार्वजनिक की थी।

लंदन के निजी संग्रहकर्ता ने भारतीय उच्चायोग को सौंपी प्रतिमा

प्रतिमा की वापसी की दिशा में वर्ष 2005 में महत्वपूर्ण सफलता मिली। लंदन के एक निजी संग्रहकर्ता ने इसे भारतीय उच्चायोग को सौंप दिया। इसके बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने वर्ष 2017 में प्रतिमा की विस्तृत जांच की। जांच के बाद आधिकारिक रूप से पुष्टि की गई कि यह वही प्रतिमा है, जिसे बाड़ोली के घटेश्वर महादेव मंदिर से चोरी किया गया था।

2020 में भारत लौटी प्रतिमा, अब मंदिर में होगी स्थापना

लंबी प्रक्रिया के बाद 30 जुलाई 2020 को भगवान नटराज की यह ऐतिहासिक प्रतिमा लंदन से भारत वापस लाई गई। स्वदेश लौटने के बाद पहले इसे दिल्ली में रखा गया और फिर चित्तौड़गढ़ पहुंचाया गया। अब करीब 28 साल बाद प्रतिमा को उसके मूल स्थान पर स्थापित करने की तैयारी अंतिम चरण में है। इसकी पुनर्स्थापना से न केवल मंदिर की ऐतिहासिक विरासत को उसका गौरव वापस मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों का करीब तीन दशक पुराना इंतजार भी खत्म होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें