बूंदी के करवर थाना क्षेत्र में हाल ही में नीलगायों के शिकार की घटनाओं से मचे हड़कंप के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनके कब्जे से बरामद मोबाइल फोन में नीलगायों को दौड़ाकर शिकार करते हुए का वीडियो मिला है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी से वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरणों में अहम सुराग हाथ लगे हैं।
दो गांवों में मिले मृत जानवरों के अवशेष से मचा हड़कंप
18 और 22 अक्तूबर की रात को करवर थाना क्षेत्र के ग्राम कल्मिया और ग्राम जरखोदा के खेतों में नीलगायों के शव और अवशेष मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि जानवरों के सिर और पैरों पर गोली के निशान हैं, जिससे उनके शिकार किए जाने की पुष्टि हुई।
पुलिस और वन विभाग की संयुक्त जांच में मिली सफलता
जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए करवर थाना पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद दो आरोपियों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी नीलगायों का पीछा कर वाहन से शिकार करते थे।
यह भी पढ़ें- Anta bypoll: नरेश मीणा संग प्रहलाद के पोस्टर से सियासी हलचल तेज, गुंजल बोले- मैं कांग्रेस उम्मीदवार के साथ हूं
थार जीप और हथियारों की तलाश जारी
करवर थानाधिकारी राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बताया कि घटनाओं में प्रयुक्त दो वाहनों एक काले रंग की थार और एक पुरानी थार जीप की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए दोनों आरोपी वन विभाग के प्रकरणों में वांछित हैं, इसलिए उन्हें विभाग को सुपुर्द किया जाएगा।
तकनीकी साक्ष्य बने सफलता की कुंजी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को चिन्हित करने और शिकार का वीडियो बरामद करने में डीसीआरबी प्रभारी टीकम चंद राठौर की विशेष भूमिका रही। मोबाइल से मिले वीडियो से पुष्टि हुई है कि नीलगायों को पहले वाहन से दौड़ाया गया और फिर गोली मारकर शिकार किया गया। इस साक्ष्य के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है ताकि अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा सके।
यह भी पढ़ें- घर में जिंदा जले भाई: सुबह अचानक भीषण आग की लपटों में घिरा मकान, दो लोगों की मौके पर मौत; तीसरा गंभीर