बूंदी जिले में शंभूपुरा स्थित नए हवाई अड्डे के पास कार में शव मिलने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आठ दिन पहले हुए इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकलवाया। कोटा के बोरखेड़ा स्थित कब्रिस्तान पहुंची पुलिस टीम की मौजूदगी में फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने जांच के लिए जरूरी सैंपल लिए। इसके बाद शव को दोबारा दफना दिया गया।
आठ दिन पहले कार में मिली थी लाश
यह मामला तालेड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां 29 सितंबर को नए एयरपोर्ट के पास एक कार के अंदर मोहम्मद यकीन का शव बरामद हुआ था। उनके शरीर पर गोली लगने के स्पष्ट निशान थे। कोटा निवासी मोहम्मद यकीन के परिजनों ने घटना के बाद बोरखेड़ा स्थित कब्रिस्तान में शव को दफना दिया था। वारदात के कई दिन बीत जाने के बाद भी हत्या का खुलासा नहीं हो पाने के कारण पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए यह कदम उठाया।
ये भी पढ़ें-
'हम तो परमानेंट प्रभारी हैं': अशोक गहलोत ने पायलट से क्यों कही ये बात, जानिए पूरा मामला
फॉरेंसिक जांच और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
तालेड़ा थाना अधिकारी मुकेश यादव ने बताया कि मामले की पड़ताल लगातार जारी है और पुलिस हर संभावित पहलू को खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फॉरेंसिक जांच के माध्यम से इस ब्लाइंड मर्डर से जुड़े अहम सुराग हाथ लगेंगे। पुलिस टीम विभिन्न दृष्टिकोणों से जांच करते हुए मृतक के मोबाइल की लोकेशन, कॉल डिटेल और घटना से पहले और बाद की गतिविधियों का विश्लेषण कर रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि मोहम्मद यकीन अंतिम समय में किन लोगों के संपर्क में थे और वारदात से पहले किन स्थानों पर गए थे।