भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) बूंदी ने बुधवार दोपहर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की एवज में रिश्वत लेते हुए सरपंच पति और ग्राम सचिव को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने परिवादी से 10 हजार रुपए की मांग की थी, लेकिन एसीबी ने 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए उन्हें पकड़ लिया।
ऐसे हुई कार्रवाई
एसीबी की एएसपी प्रेरणा शेखावत ने बताया कि डीआईजी शिवराज मीणा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। हिंडोली तहसील के रूणीजा गांव निवासी परिवादी महावीर सिंह सोलंकी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सरपंच पति मुखराज गुर्जर और ग्राम विकास अधिकारी किशन गोपाल गुर्जर ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की है।
पढ़ें: लूट, हत्या और वाहन चोरी करने वाली गैंग का खुलासा, सरगना समेत दो गिरफ्तार, दो नाबालिग भी हिरासत में
शिकायत के बाद 25 मार्च को एसीबी ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। इस दौरान सरपंच पति ने परिवादी से 2 हजार रुपए ले लिए। शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी ने जाल बिछाया और बुधवार को 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।