फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: दिवाली-छठ पर रेलवे का बड़ा फैसला, बीकानेर मंडल की 15 ट्रेनों में लगेंगे अतिरिक्त कोच

Sat, 07 Nov 2026 12:11 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला,बीकानेर

सार

दिवाली और छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल ने 15 ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का फैसला किया है। इनमें एक्सप्रेस, सुपरफास्ट और अनारक्षित श्रेणी की ट्रेनें शामिल हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमें ट्रेनों और पार्सल वैन की जांच कर रही हैं।
विज्ञापन
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिवाली और छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों को रेलवे ने बड़ी राहत दी है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल ने 15 प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों में अलग-अलग श्रेणियों के अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे। इससे यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और सफर भी पहले के मुकाबले अधिक सुविधाजनक होगा। इसके साथ ही रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए हैं।

15 ट्रेनों में बढ़ाई जाएगी सीटों की संख्या

बीकानेर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र जोशी ने बताया कि दिवाली और छठ के दौरान यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होती है। इसे देखते हुए बीकानेर मंडल से संचालित होने वाली 15 ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं। इसमें लंबी दूरी की एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों के साथ सामान्य यानी अनारक्षित श्रेणी की ट्रेनें भी शामिल हैं। अतिरिक्त डिब्बे लगने से त्योहारों पर अपने घर और गांव जाने वाले प्रवासियों को राहत मिलेगी। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के साथ भीड़ को नियंत्रित करना है।

ट्रेनों में पटाखे और गैस सिलिंडर ले जाने पर सख्ती

त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना रोकने के लिए रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा है। जीआरपी थानाधिकारी नेहा राजपुरोहित और आरपीएफ की संयुक्त टीमें ट्रेनों के यात्री डिब्बों से लेकर पार्सल वैन तक की जांच कर रही हैं। इस दौरान पटाखे, गैस सिलिंडर, पेट्रोल, डीजल, केरोसिन और अन्य ज्वलनशील या विस्फोटक पदार्थों के परिवहन पर विशेष नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

डॉग स्क्वॉड और सीसीटीवी से होगी निगरानी

बीकानेर, श्रीगंगानगर, सूरतगढ़ और हनुमानगढ़ सहित मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। सुरक्षा बल के जवान हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वॉड की मदद से यात्रियों और उनके सामान की जांच कर रहे हैं। इसके अलावा स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें