भीलवाड़ा जिले की जहाजपुर विधानसभा के कांटी क्षेत्र में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान माहौल उस समय भावनात्मक हो गया, जब मंच पर पहुंचे एक बुजुर्ग ने विधायक से दो टूक शब्दों में कहा कि साहब, आश्वासन तो सब देते हैं, लेकिन काम कोई नहीं करता। बुजुर्ग की इस बात ने पूरे कार्यक्रम का माहौल बदल दिया।
विधायक ने कागज नहीं, हाथ पर लिखा वादा
बुजुर्ग रामेश्वर लाल सेन की पीड़ा सुनते ही विधायक गोपीचंद मीणा ने मंच से भाषण देने के बजाय एक अलग रास्ता चुना। उन्होंने पेन निकाला और बुजुर्ग के हाथ पर साफ शब्दों में लिख दिया कि एक साल में पुल का निर्माण पूरा होगा। यह दृश्य देखते ही पूरे पंडाल में तालियों की गूंज सुनाई दी।
वर्षों से लंबित पुलिया बना ग्रामीणों की परेशानी
दरअसल, कांटी-घेवरिया खाल पर पुलिया निर्माण की मांग ग्रामीण लंबे समय से कर रहे हैं। बरसात के दिनों में यह मार्ग लोगों के लिए बड़ी समस्या बन जाता है। विधायक द्वारा मौके पर हाथ पर लिखकर दिया गया आश्वासन ग्रामीणों के लिए भरोसे का प्रतीक बन गया।
भव्य स्वागत और विकास कार्यों का लोकार्पण
कार्यक्रम में विधायक गोपीचंद मीणा करोड़ों रुपये की लागत से बने दर्जनभर विकास कार्यों का लोकार्पण करने पहुंचे थे। इससे पहले ग्रामीणों ने उनका पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया। उन्हें ऊंट पर बैठाकर सभा स्थल तक लाया गया और चार बुलडोजरों से फूल बरसाकर अभिनंदन किया गया। युवाओं ने बुलडोजरों पर चढ़कर फूल बरसाए और नारे लगाए।
प्रशासक रतनलाल बलाई ने विधायक गोपीचंद मीणा, निवर्तमान प्रधान करण सिंह और जिला महामंत्री कन्हैयालाल जाट को गदा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पूर्व सरकार पर विधायक का आरोप
सभा को संबोधित करते हुए विधायक गोपीचंद मीणा ने पूर्व कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पांच साल तक सरकार सिर्फ सेटिंग में लगी रही और आमजन के लिए कोई ठोस काम नहीं हुआ। उन्होंने कांटी-घेवरिया पुलिया, किसानों को बिजली आपूर्ति और शिकायतों के समाधान को लेकर भी सवाल उठाए।
पढ़ें- चित्तौड़गढ़ में केमिकल फैक्टरी में भीषण ब्लास्ट: लोहे के टुकड़ों से इमारतें क्षतिग्रस्त, पांच KM तक गूंजी आवाज
विधायक मीणा ने कहा कि उनकी सरकार ने दो साल में 15 हजार प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए हैं। उन्होंने दावा किया कि मांग करने वालों को बिना गिने और तौले जरूरत से ज्यादा दिया गया।
इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण
कार्यक्रम में सामुदायिक चौक की चारदीवारी, गढ़ के बालाजी मंदिर में लालबाई-फूलबाई टीन शेड, मीणा का खेड़ा विद्यालय की चारदीवारी व खेल मैदान में मिट्टी भराई, गणेश घाट, शिव मंदिर विश्रांति गृह, जुनी कांटी चारभुजा नाथ मंदिर टीन शेड, मोडिया खेड़ा रोड पर सार्वजनिक वाचनालय, कांटी श्मशान घाट, बैरवा मोहल्ला वाचनालय विश्रांति गृह सहित कई कार्यों का लोकार्पण किया गया। साथ ही करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विद्यालय भवन का शिलान्यास भी किया गया।
इस अवसर पर निवर्तमान प्रधान करण सिंह, निवर्तमान उपजिला प्रमुख शंकर लाल गुर्जर, जिला महामंत्री कन्हैयालाल जाट, पूर्व मंडल अध्यक्ष कैलाश तिवाड़ी, प्रधान प्रतिनिधि किशोर शर्मा, मंडल अध्यक्ष दुर्गालाल धाकड़, कोटड़ी मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सैन, वरिष्ठ नेता धर्मीचंद जीनगर, योगेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।