फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bharatpur News: गांव साबौरा निवासी महिला की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
भरतपुर। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के गांव फुलरई में मंगलवार को साकार हरि बाबा के सत्संग में हृदय विदारक घटना में एक सैकड़ा से ज्यादा लोगों की जान चली गई। कई लोग घायल हैं। मृतकों में डीग जिले के कुम्हेर थाना क्षेत्र के गांव साबौरा निवासी महिला भी शामिल है, जबकि दो अन्य महिलाएं घायल हैं। मृतका राजेंद्री पत्नी परसादी के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सुपुर्द कर दिया है। गांव में बुधवार को गमगीन माहौल में महिला का अंतिम संस्कार किया गया। भरतपुर और डीग जिले के विजय नगर, दीनदयाल नगर कॉलोनी, गांव कुम्हा व दयोपुरा और कुम्हेर आदि जगह से कई लोग छोटी गाड़ियों में सवार होकर सत्संग में गए थे। राजेंद्री सत्संग समाप्त होने के बाद अन्य महिलाओं से बिछड़ गईं। जब साथ की महिलाएं बस पर पहुंचीं और उन्हें नहीं पाया तो तलाश किया। बाद में अलीगढ़ के जिला अस्पताल में मृतका के शव की पहचान हुई। तब परिजन अलीगढ़ रवाना हुए। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम कराकर शव को गांव लाकर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
विज्ञापन

वहीं भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र के मलाह गांव निवासी रानी पत्नी मदन मोहन 40 साल को एटा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। वहीं एक अन्य घायल भी अस्पताल से उपचार के बाद वापस घर आ गई हैं। दीनदयाल नगर निवासी राम खिलाड़ी ने बताया कि सत्संग में 5-6 लोग गाड़ी लेकर गए थे। सत्संग खत्म होने के बाद भरतपुर निकल आए। रास्ते में परिजन का फोन आया तब हादसे का पता चला। वहीं परिजन ने राहत की सांस ली।


सत्संग में आए थे उप मुख्यमंत्री
राम खिलाड़ी ने बताया कि जिले में बाबा 10 से 12 बार सत्संग करने आ कर चुके हैं। करीब 8 साल पहले भरतपुर में 5 दिन रहकर नुमाइश मैदान में सत्संग किया था। इसी साल 6 फरवरी को रुपबास के भरतपुर मार्ग स्थित यथार्थ होटल के सामने मानव मंगल मिलन सद्भावना समागम का आयोजन किया गया था। इसमें देश के कई प्रदेशों की संगत के साथ राज्य के उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा सहित कई विधायक और पूर्व विधायक पहुंचे थे।
विज्ञापन


रास्ता सकरा, भीड़ अधिक थी
सेवादार गुड्डी ने बताया की जब बाबा सत्संग स्थल से चले गए तो भीड़ बाहर निकलने के लिए टूट पड़ी। रास्ता सकरा था और भीड़ अधिक थी। पास में ही दलदल में कुछ लोग धंस गए। उनके ऊपर से भीड़ निकलती चली गई। बताया कि राजेंद्री के दो बेटे और दो बेटी हैं। बेटों की शादी हो गई है बेटी अभी कुंवारी हैं। पति प्रसादी आवश्यक कार्य के चलते हाथरस नहीं गए थे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की
भरतपुर। सत्संग के दौरान मची भगदड़ में 121 लोगों की मौत पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश सूपा ने दुख जताया है। मृतकों के प्रति अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। जिलाध्यक्ष ने हादसे के लिए सुरक्षा के मानक पूरे न करवाने पर जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी से संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। कहा कि हादसे की उच्च स्तरीय जांच कराकर मृतकों के परिजन को मुआवजा दिया जाए। शोक व्यक्त करने वालों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुन्नी कप्तान, जगदीश बंजी, राजू प्रधान, राजीव, दयाचंद पचौरी, मनोज शर्मा, रामेश्वर सैनी, योगेश सिंघल, रमेश धाबई, राजेंद्र सारस्वत आदि शामिल रहे। संवाद


फौटो
सांसें हो रहीं कम-आओ पेड़ लगाएं हम
भरतपुर। चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बुधवार सुबह तोपवाले हनुमानजी, किला में सघन पौधरोपण कार्यक्रम चलाया। शुभारंभ अध्यक्ष कृष्ण मुरारी अग्रवाल ने किया। कहा कि सांसें हो रहीं, कम आओ पेड़ लगाएं हम। कहा विश्व में बढ़ते तापमान व वनों की घटती संख्या के लिए प्रत्येक नागरिक जिम्मेदार है। अब उसकी जिम्मेदारी है कि वह पौधरोपण में सहयोग करें। सुभाष जिंदल ने कहा कि एक पेड़ बड़ा होने पर छाया और फल देगा। पूर्व अध्यक्ष रूपेश बंसल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पांच से दस पेड़ जरूर लगाने चाहिए। प्रमोद अग्रवाल, अमित सिंघल, किशोर खंडेलवाल, रजत आर्य, योगेश बागपतिया, मनोज झालानी, विनय गर्ग और राहुल बंसल आदि मौजूद रहे। संवाद

परिचय सम्मेलन में पंजीकरण की तिथि बढ़ाई
भरतपुर। जिला खण्डेलवाल वैश्य महासमिति के तत्वावधान में 4 अगस्त को होने वाले विवाह योग्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन की आयोजन समिति की बैठक सुरेश माठा अध्यक्षता में हुई इसमें सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की गई। समन्वयक नैमचन्द खंडेलवाल व संयोजिका नीतू पाटोदिया ने पंजीकरण की तिथि 15 जुलाई तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में अनिल लोहिया, ओमप्रकाश खण्डेलवाल, संदीप गांधी, रजनी नाटानी, कुसुम रावत आदि मौजूद रहे। संवाद



जिला स्तरीय जनसुनवाई 10 को
भरतपुर। संभागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक 10 जुलाई को प्रातः 11 बजे तथा उसके पश्चात जिला स्तरीय जनसुनवाई कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जाएगी। संवाद

जनसुनवाई आज
भरतपुर। संभागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा की अध्यक्षता में आज पंचायत समिति सेवर की गांव पंचायत जघीना में प्रातः 11 बजे एवं पंचायत समिति उच्चैन की गांव पंचायत फतेहपुर में दोपहर 1 बजे गावं पंचायत स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। वहीं जिलाधिकारी डॉ अमित यादव उपखण्ड बयाना की गांव पंचायत महमदपुरा एवं ब्रह्मवाद में जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं को सुनेंगे। संवाद

कार्यशाला में दी नए कानूनों की जानकारी
भरतपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देश पर बुधवार को बाल विकास परियोजना अधिकारी वैर के कार्यालय में कार्यशाला का आयोजन किया गया। महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक राजेश कुमार ने संसद से पारित तीन नए कानूनों की जानकारी प्रदान की। विभाग द्वारा संचालित आईएम शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, उड़ान योजना, वृक्षारोपण एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की समीक्षा की गई। भुसावर की काउंसलर भावना शर्मा मौजूद रहीं। संचालन पूजा वशुमति ने किया। संवाद

जांच में मिड डे मील की गुणवत्ता संतोषजनक मिली
भरतपुर। जिलाधिकारी डॉ. अमित यादव के निर्देश पर जिलेभर में 26 टीमों का गठन कर 70 विद्यालयों में मिड डे मील की गुणवत्ता की जांच की गई।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मिड डे मील का निरीक्षण कर गुणवत्ता को परखें तथा विद्यार्थियों से फीडबैक प्राप्त कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें। सप्लाई होने वाले अनाज, मसाले की जानकारी प्राप्त कर रसोई में सफाई का ध्यान रखने के निर्देश दिए थे। जिला एवं उपखण्ड स्तरीय अधिकारियों की टीमों को निरीक्षण में मिड डे मील की गुणवत्ता संतोषजनक मिली। कुछ स्थानों पर बर्तन साफ नहीं मिले तो कुक कम हेल्पर को मानदेय का भुगतान नहीं किया गया था। विद्यालयों में मिल्क पाउडरकी आपूर्ति नहीं की गई है। संवाद

फोटो. जिला कलक्टर किला स्थित किशोरी महल एवं अन्य स्थलों का निरीक्षण करते हुये

किशोरी महल में शुरू होगा लाइट एंड साउंड शो
भरतपुर। जिलाधिकारी डॉ. अमित यादव ने किशोरी महल एवं किला स्थित पुरातत्व महत्व के स्थानों का निरीक्षण किया। प्रस्तावित लाइट एंड साउंड शो की तैयारी के बारे में निर्देश दिए।
डीएम ने किशोरी महल के संरक्षण के लिए पुरातत्व विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। महल में जगह-जगह उगे हुए पीपल आदि के पौधों को हटाकर अन्यत्र स्थान पर लगाने के निर्देश दिए जिससे दीवारें क्षतिग्रस्त न हों। किशोरी महल की दीवारों पर प्रस्तावित लाइट एंड साउंड शो की तैयारियों का निरीक्षण किया। आमजन, पर्यटकों की सुविधा का ध्यान रखते हुए तैयारियां करने का कहा। उन्होंने गोकुला जाट एवं राजा खेमकरण के पनोरमा निर्माण के संबंध में समीक्षा की। देवस्थान विभाग को किला स्थित मंदिरों में नियमित समय पर पूजा कराने एवं मंदिरों में अवैध रूप से निवासरत लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान सचिव नगर विकास न्यास ऋषभ मंडल, उपनिदेशक पर्यटन संजय चौधरी, पुरातत्व विभाग के अधीक्षक सोहनलाल चौधरी उपस्थित रहे। संवाद


राष्ट्रीय लोक अदालत 13 को
रुपबास। प्रदेश में इस वर्ष की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 13 जुलाई को किया जाएगा। अध्यक्ष ताल्लुका विधिक सेवा समिति (सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट) स्वाती भगवती ने बताया कि लोक अदालत को सफल बनाने के लिए बैंक, वित्तीय संस्थानों के लंबित प्रकरणों का आपसी सुलह के माध्यम से निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। संवाद

मुख्यमंत्री के पिता पहुंचे बरिघा, साथियों की कुशलक्षेम पूछी
रुपबास। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के पिता किशनस्वरुप शर्मा बुधवार दोपहर गांव बरिघा पहुंचे। यहां उन्होंने अपने साथियों से मिलकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। वे भंवर लाल शर्मा शास्त्री महाविद्यालय पहुंचे और बुजुर्ग साथी व युवाओं से मिले। गिर्राज महाराज की परिक्रमा देने की बात कही।
इस दौरान सरपंच महेंद्र सिंह व नेमीचंद गुर्जर ने उनसे ग्रामीण बस सेवा शुरू करवाने व चंबल परियोजना के तहत नलों के पॉइंट लगवाने की मांग की। सेवानिवृत्त शिक्षक छैलबिहारी शर्मा व व्याख्याता दीनदयाल को उनके जन्मदिन पर मिठाई खिलाकर बधाई दी। इससे पूर्व कांधोली में आयोजित लग्न सगाई समारोह में भाग लिया। इस दौरान किशनस्वरूप शर्मा का ग्रामीणों ने माला पहनाकर स्वागत किया। निहाल सिंह, रामखिलाड़ी, खेमराज भारद्वाज, डॉ श्रीभान सिंह, भरतू पहलवान, रामकुमार, रामकिशन व सोनपाल आदि मौजूद रहे। संवाद

रेंजर के समर्थन में आए वन सुरक्षा समिति के पदाधिकारी, ज्ञापन सौंपा
भरतपुर। वन विभाग रेंजर लाखन सिंह पर कमीशन के चक्कर में ठेकेदारों और मजदूरों का भुगतान रोकने के आरोपों को वन सुरक्षा एवं प्रबंध समिति पिदावली के पदाधिकारियों ने गलत बताया है।
रेंजर के समर्थन में आए पदाधिकारियों ने बुधवार को संभागीय मुख्य वन संरक्षक को ज्ञापन सौंपा। बताया कि आरोप लगाने वाले लोग मजदूर नहीं हैं, बल्कि अवैध रूप से वन क्षेत्र में लगे पेड़ों से हरी लकड़ियां काटने वाले हैं। अध्यक्ष राम प्रसाद के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में बताया कि समिति की ओर से झील का बाड़ा में चहारदीवारी सहित वन विकास के कार्य कराए गए थे। मजदूरों को निर्धारित भुगतान कर दिया गया है। कमीशन मांगने के आरोप निराधर हैं। रेंजर ने वन क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की, इसे लेकर मुकदमे भी दर्ज हुए हैं। कार्रवाई से खफा अवैध खनन माफिया ने रेंजर की छवि को धूमिल करने के लिए मनगढ़ंत आरोप लगाए हैं। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें