धौलपुर। पुलिस ने मंगलवार को मनियां इलाके में साइबर अपराध में संलिप्त एक दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मनियां थाना एवं साइबर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने उनके कब्जे से कई मोबाइल फोन, पासपोर्ट, चेक बुक सहित सिम कार्ड तथा डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा इस संबंध में आईटी एवं आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।
जिला पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरडा ने मंगलवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि मनियां कस्बे में संचालित निहारिका ई-मित्र की दुकान में कुछ संदिग्ध लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठगी कर रहे हैं। निहारिका ई-मित्र की दुकान में छापा मारा। यहां करीब एक दर्जन लोग अपने-अपने मोबाइल एवं लैपटॉप पर काम करते मिले। पुलिस को देखकर वे भागने लगे, जिनको पकड़कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में ई-मित्र संचालक कल्याण सिंह कुशवाह निवासी बराबट थाना मनियां जिला धौलपुर, भूपेंद्र कुशवाह निवासी पीपरी पुरा थाना कौलारी व चंद्रपाल उर्फ मोनू निवासी कमला का पुरा, थाना मनियां जिला धौलपुर, राहुल मिश्रा निवासी महावीर नगर, फिरोजाबाद, रविकांत निवासी नबाबपुर थाना बसरेहर जिला इटावा, (उप्र), सौरभ वर्मा निवासी इंकलेव कॉलोनी, थाना सिकंदरा जिला आगरा (उप्र), शिवप्रताप सिंह निवासी जयदुर्ग नगर जिला मुरैना (मप्र), धर्मेंद्र सिंह जादौन निवासी रामदयाल नगर ग्वालियर (मप्र), गगन कुमार शाक्य निवासी आवास विकास कॉलोनी, थाना सिकंदरा आगरा, नितिन उर्फ कृष्णकांत निवासी सुहागनगर, थाना दक्षिण फिरोजाबाद (उ.प्र.), चेतन्य कुमार निवासी कमलापुरा तथा लोकेंद्र उर्फ सचिन निवासी महूरी थाना मनियां जिला धौलपुर शामिल हैं।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे लोग सीधे-साधे लोगों के बैंक खातों को चेक कर उनको डरा-धमकाकर रुपयों की डिमांड करते हैं। आरोपियों के कब्जे से 18 मोबाइल फोन, 42 आधार कार्ड, 12 चेकबुक, 1 क्यूआर कोड, 1 पासपोर्ट, 7 बैंक पासबुक, 14 डेबिट व क्रेडिट कार्ड, 2 पेनकार्ड, 31 सिम कार्ड, 1 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी को जब्त किया है।