भरतपुर- केबिन पर मालगाड़ी निकलने के दौरान टूटी ओएचई लाइन
भरतपुर। बयाना में दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) लाइन टूट गई। रविवार रात करीब 9:15 बजे रेलवे स्टेशन के ए केबिन के पास से मालगाड़ी के गुजरने के दौरान यह केबल टूट गई। इससे अप लाइन पर रेल यातायात बाधित हो गया।
आनन-फानन में रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ओएचई वैन बुलाकर राहत कार्य शुरू कर दोबारा से लाइन जोड़ी गई। केबिन के पास रहने वाले रवि सैनी ने बताया कि रात में अप लाइन पर मालगाड़ी निकल रही थी। इस दौरान लाइन में फाल्ट होने से ओएचई केबल टूट गई।
इससे मालगाड़ी मौके पर ही खड़ी हो गई। तेज चिंगारी व धमाके की आवाज के साथ आसपास के लोग सहम गए। सीनियर सेक्शन इंजीनियर (टीआरडी) दिलीप वर्मा ने बताया कि रात करीब सवा दस बजे लाइन जोड़कर यातायात बहाल कर दिया गया।