भरतपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के पिता किशनलाल शर्मा मंगलवार को शहर में स्थित आवास के बाथरूम में फिसल गए। इससे उनकी पसलियों में चोट पहुुंची है। सीएम के पिता को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से आरबीएम अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया।
यहां उनका सीटी स्कैन समेत अन्य मेडिकल जांच कराई गई हैं। सीटी स्कैन से पता चला कि उनकी पसली में फ्रैक्चर है। बाद में उन्हें जयपुर के लिए रेफर कर दिया गया। किशन लाल शर्मा जवाहर नगर स्थित आवास पर सुबह बाथरूम में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसला और वे गिर गए। उनके गहरी चोट पहुंची।
परिजन ने तुरंत आरबीएम अस्पताल के पीएमओ को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए जिलाधिकारी डाॅ. अमित यादव, एडीएम श्वेता यादव सहित अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे। सीएम के पिता किशनलाल शर्मा व मां गोमती देवी भरतपुर में रहते हैं।