नाबालिग को निकालते हुए व्यक्ति
- फोटो : अमर उजाला
भरतपुर शहर के मथुरा गेट थाना इलाके में एक 16 साल की नाबालिग ने सुजानगंगा नहर में छलांग लगा दी। वहां से गुजर रहा एक बुजुर्ग लड़की को बचाने के लिए सुजानगंगा नहर में कूद गया। आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठे हो गए। नहर में रस्सी डाली, जिसके बाद बुजुर्ग ने नाबालिग को बचाया।
पुलिस का कहना है कि लड़की का बीते दिन बुधवार को 10वीं का रिजल्ट आया था। कम पर्सेंटेज आने के कारण वह आत्महत्या करने के लिए सुजानगंगा नहर में कूद गई। नाबालिग के 66 प्रतिशत अंक आए थे। नाबालिग को बचाने वाले बुजुर्ग रामबाबू गुर्जर ने बताया कि मैं जा रहा था। तभी इतने में लड़की ने सुजानगंगा नहर में छलांग लगा दी। मैंने तुरंत अपनी बाइक खड़ी की, जिसके बाद मैंने आवाज लगाई तो लोग मौके पर इकट्ठे हो गए। मैंने अपने कपड़े उतारे और मैं भी सुजानगंगा नहर में कूद गया। मैं इस लड़की को नहीं जानता।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जैसे ही बुजुर्ग सुजानगंगा नहर में कूदे तभी वहां लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने सुजानगंगा नहर में रस्सी डाल दी, जिसे रामबाबू गुर्जर ने पकड़ लिया। एक हाथ रामबाबू रस्सी को पकड़े रहे तो दूसरे हाथ से नाबालिग का एक हाथ पकड़े रहे। रामबाबू ने नाबालिग को सुजानगंगा नहर में डूबने नहीं दिया। कुछ देर बाद कुछ लोग नांव लेकर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद रामबाबू और नाबालिग को सुजानगंगा नहर से बाहर निकाला गया।
आरबीएम चौकी इंचार्ज मुकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक नाबालिग लड़की सुजानगंगा नहर में कूद गई है, जिसके बाद थाना अधिकारी करण सिंह राठौड़ द्वारा लड़की को RBM अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पूछताछ के दौरान नाबालिग ने बताया कि कल 10वीं का रिजल्ट आया था, जिसमें उसकी कम परसेंटेज आई थी। इसको लेकर वह सुजानगंगा नहर में कूद गई है। राहगीरों ने उसे बचाया। नाबालिग को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। फिलहाल, नाबालिग की स्थिति ठीक है। नाबालिग के परिजन अस्पताल पहुंच चुके हैं।