जिला कलेक्टर डॉक्टर अमित यादव।
- फोटो : अमर उजाला
भरतपुर-श्रीलंका के नंबर से जिला कलेक्टर का फोटो लगाकर व्हाट्सएप पर फर्जी आईडी बनाकर साथी अधिकारियों को मैसेज करने का मामला सामने आया है। जिला कलेक्टर के संज्ञान में जैसे ही मामला आया तो उन्होंने तुरंत ही जिला पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी। इसके अलावा अन्य साथी अधिकारियों को सूचित किया है कि अगर मेरे नाम से ऐसा कोई मैसेज आता है तो सीधे साइबर सेल को अवगत कराएं। शिकायत के बाद साइबर सेल नंबर की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक जिला कलेक्टर डॉक्टर अमित यादव के नाम से व्हाट्सएप पर 94757911226 मोबाइल नंबर से फर्जी आईडी बनाकर फोटो लगाया है। साथी विभागीय अधिकारियों को मैसेज किए गए हैं, जब अनजान नंबर से अधिकारियों के पास मैसेज गए तो उन्होंने जिला कलेक्टर को अवगत कराया। मैसेज में अधिकांश तौर पर यही लिखा गया है कि "आप कैसे हैं और आप इस समय कहां हैं" इस बात की जानकारी जिला कलेक्टर को जैसे ही हुई तो उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा को लिखित में शिकायत दी। जिला कलेक्टर ने अन्य अधिकारियों को सूचित करते हुए कहा है कि मेरे नाम से इस प्रकार का कोई आगे से मैसेज आता है तो उसकी शिकायत तुरंत साइबर सेल पर करें।
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि जिला कलेक्टर की ओर से शिकायत दी गई है। जिस नंबर से मैसेज किए गए हैं, उस नंबर की जांच की जा रही है। हालांकि ये नंबर श्रीलंका का है। जांच के बाद ही पता चल सकेगा ये मैसेज कहां से किए गए हैं और किसने किए हैं
हालांकि इस प्रकार हरकतें डीग जिले के मेवात क्षेत्र के साइबर ठगों के द्वारा की जाती हैं। इनके द्वारा कई किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति, खिलाड़ी, अभिनेता, राजनेता के साथ आईएएस और आईपीएस के नाम से फर्जी फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर फर्जी आईडी बनाकर ठगी की जाती है।