भरतपुर। जिले के बयाना क्षेत्र में बाढ़ के हालात बन गए हैं। करौली के पांचना बांध से पानी छोड़े जाने और तेज बरसात की वजह से क्षेत्र के कई गांवों का संपर्क टूट गया है। बयाना के गांव नहरौली में बाढ़ में फंसी एक गर्भवती महिला ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में ही बच्चे को जन्म दे दिया। प्रसूता को अस्पताल पहुंचाने के लिए एसडीआरएफ की मदद ली गई है। अधिकारी बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं।
डीएम डॉ. अमित यादव ने बताया कि बीते कई दिन से क्षेत्र में तेज बरसात हो रही है। पांचना बांध से पानी छोड़े जाने की वजह से गंभीर नदी में पानी की आवक तेज हुई है। बयान क्षेत्र के गांव नहरौली, शेरगढ़ और सीतपुरा समेत कई गांवों का शहर से संपर्क टूट गया है। जिले की प्रभारी सचिव शुचि त्यागी, जिलाधिकारी डॉ. अमित यादव, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा निरंतर क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं।
ट्रॉली में कराया प्रसव
बाढ़ में घिरे गांव नहरौली निवासी गर्भवती सुमन पत्नी बबली गुर्जर को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से बयाना स्थित अस्पताल लाने का प्रयास किया। बाढ़ के हालात की वजह से समय पर अस्पताल पहुंच पाना संभव नहीं हो सका। गर्भवती ने ट्रॉली में ही बच्चे को जन्म दे दिया। डीएम ने बताया कि गांव नहरौली में बाढ़ के हालात की वजह से संपर्क टूट गया है। गर्भवती के प्रसव की भी सूचना मिली है। प्रसूता को अस्पताल लाने के लिए एसडीआरएफ की टीम भेजी है।