धौलपुर में बचाव कार्य में जुटी पुलिस की टीम।
धौलपुर। चंबल नदी में नहाने गए छह युवकों में से तीन बच गए, जबकि तीन तेज बहाव में बह गए। हादसा शुक्रवार दोपहर आगरा-मुंबई राजमार्ग स्थित पुराने चंबल सड़क पुल के नीचे हुआ। पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में जुटीं हैं। बारिश व नदी में तेज बहाव के चलते तीनों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।
अपर पुलिस अधीक्षक ओपी मीणा ने बताया कि शुक्रवार दोपहर पुराना शहर निवासी गोलू एवं लकी के साथ उनकी रिश्तेदारी में आए चार अन्य किशोर शहजाद, इरशाद, मुबारक एवं सूफीयाना चंबल नदी में नहाने गए। दोपहर को नदी पर बने पुराने सड़क पुल के नीचे नहाते समय एक युवक गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए सभी लोग पानी में उतर गए तथा तेज बहाव में बहने लगे। कुछ ही दूरी पर धौलपुर-भरतपुर पेयजल परियोजना के इंटेक वेल के पास खंभा नंबर तीन पर लटक रही बिजली की केबल को तीन युवकों ने पकड़ लिया। जबकि तीन अन्य पानी के तेज बहाव में बहते चले गए।
केबल पकड़ कर लटके युवक शहजाद (18वर्ष) निवासी ग्वालियर, गोलू (16वर्ष) निवासी धौलपुर तथा इरशाद (18वर्ष) निवासी मुरैना ने शोर मचाया तो स्थानीय लोगों ने पहले रस्सा फेंका जब वह बाहर नहीं निकल पाए तो पुलिस की मदद से स्टीमर से उनको बाहर निकाला गया। उनके साथी एवं रिश्तेदार मुबारक (19 वर्ष) निवासी ग्वालियर, लकी (16वर्ष) निवासी धौलपुर तथा सूफीयाना (18वर्ष) निवासी बाड़ी चंबल केतेज बहाव में बह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में जुटीं हैं। दोहपर बाद बरसात होने तथा चंबल के पानी के तेज बहाव के कारण बचाव कार्य में बाधा आ रही है।