रुपबास। गांव देवरी के पास से होकर निकल रही गंभीरी नदी के सपाट को पार करते समय तीन लोग नदी में बह गए। पास ही मौजूद ग्रामीणों ने लोगों को नदी में बहते हुए देखा तो बहादुरी का परिचय देते हुए नदी में छलांग लगा दी। 2 लोगों को सकुशल बचा लिया। तीसरा नदी में डूब गया। थानाधिकारी लखन खटाना एवं एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने तलाशी अभियान चलाया और करीब 23 घंटे के बाद मृतक के शव को नदी से बाहर निकाल लिया।
अशोक कुमार निवासी बल्हेरा, थाना मलपुरा आगरा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि पुत्र 30 वर्षीय पवन ससुराल मंगोली खुर्द से देवरी गांव की रपट पर होकर ससुर कुंदन व वीरी सिंह के साथ पैदल रुपबास जा रहा था। तभी रपट पर पानी के बहाव के कारण तीनों पानी में बह गए। पवन ने दोनों को बचाने की कोशिश की। वे दोनों ग्रामीणों की सहायता से बच गए, लेकिन पवन पानी के तेज बहाव के कारण पानी में चला गया।
तहसीलदार अमित शर्मा मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम के द्वारा रविवार को रात हो जाने के कारण सर्च अभियान को रोक दिया गया। सोमवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दुबारा से तलाशी अभियान शुरू किया। करीब 23 घंटे बाद पवन का शव मिला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने शव परिजन के सुपुर्द कर दिया।