18 लाख 74 हजार 488 मतदाता करेंगे 73 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
भरतपुर। भरतपुर और डीग जिले की सात सीटों के 887 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग के जरिए मतदान कराया जाएगा। अर्धसैनिक बलों की 37 कंपनियां सहित 7हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए हैं। कुल 18 लाख 74 हजार 488 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 73 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बंधु ने बताया कि कुल मतदाताओं में 9 लाख 98 हजार 636 पुरुष, 8 लाख 75 हजार 832 महिला एवं 20 ट्रांसजेंडर हैं। वहीं 91 हजार 327 युवा मतदाता, 41 हजार 999 अस्सी वर्ष से अधिक आयु के तथा 20 हजार 211 दिव्यांग मतदाता हैं। कुल 1271 मतदान केंद्रों पर 1774 मतदेय केंद्र बनाए हैं। चुनाव में 7 हजार 96 कार्मिक तैनात हैं। क्षेत्र में 37 एरिया मजिस्ट्रेट, 183 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 69 निगरानी दल, 69 भ्रमणशील दल, 14 वीडियो सर्विलांस दल गठित हैं। 148 माइक्रोआब्जर्वर निगरानी रखेंगे।
कुल 73 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें 65 पुरुष तथा 8 महिलाएं हैं। इनमें कामां में 12, नगर में 8, डीग-कुम्हेर में 8, भरतपुर में 11, नदबई में 16, वैर में 7 एवं बयाना में 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। संवाद
नयावास के ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार
भरतपुर। बयाना उपखंड के गांव नयावास के ग्रामीणों की ओर से विधानसभा चुनाव में मतदान नही करने का निर्णय लिया है। प्रदर्शन कर नारेबाजी की और गांव में मतदान के बहिष्कार का बैनर लगा दिया है। प्रशासन की ओर से मतदाताओं को समझाने की कोशिश की जा रही हैं पर ग्रामीण अड़े हुए हैं। ग्रामीणो का कहना है कि करीब 4 साल पहले परिसीमन में गांव नयावास को ब्रह्मबाद ग्राम पंचायत से हटाकर ग्राम पंचायत पुरावाईखेड़ा में जोड़ दिया है। समाधान नहीं किए जाने पर ग्रामीणो की ओर से मतदान के बहिष्कार का निर्णय लिया है। प्रदर्शन में भूपेंद्रनाथ शर्मा, सुरेंद्र पाराशर, सूखा मीना, दुष्यंत तिवारी, कुंजबिहारी, मोहन सिंह, खेमचंद आदि शामिल रहे। संवाद
संभागीय आयुक्त ने किया चेकपोस्ट का निरीक्षण
भरतपुर। चेकपोस्टों का शुक्रवार को संभागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा और जिलाधिकारी डीग शरद मेहरा ने निरीक्षण कर वाहनों की सघन जॉच की। प्रतिबंधात्मक सामग्री के परिवहन पर रोक लगाने के निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने बताया जिले में प्रत्येक वाहन की जांच के साथ प्रतिबंधित सामग्री व नकदी के परिवहन पर रोक लगाने का कार्य किया जा रहा है। पहाड़ी पर बनाये निगरानी दल का निरीक्षण किया तथा निर्देश दिए। उन्होंने सुंहेरा चेक पोस्ट कामां, धमारी चेक पोस्ट, गोपालगढ़, अमरूका का निरीक्षण किया। संवाद