युवक ने पानी की टंकी पर चढ़कर किया हाई वोल्टेज ड्रामा (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : AI Image- Freepik
बाड़मेर शहर के शास्त्री नगर इलाके में सोमवार सुबह एक युवक गली में अतिक्रमण और गंदे पानी के भराव की समस्या से परेशान होकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। हाथ में ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतल लिए इस युवक ने न केवल प्रशासन बल्कि पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। घटना सुबह करीब 10 बजे की है, जब युवक टंकी पर चढ़ा और वहां से अपनी मांगों को जोर-शोर से उठाने लगा।
मौके पर जुटी भारी भीड़, प्रशासन अलर्ट
युवक के टंकी पर चढ़ने की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस और आरएसी के जवानों ने मोर्चा संभाला। सूचना पर कोतवाली थानाधिकारी बालभद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सिविल डिफेंस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को भी तत्काल बुला लिया गया।
यह भी पढ़ें- Chittorgarh: युवती से दुष्कर्म और हत्या मामले पर फूटा लोगों का गुस्सा, प्रदर्शन-तोड़फोड़; छावनी बना कलेक्ट्रेट
पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप
टंकी पर चढ़े युवक का आरोप था कि गली की समस्याओं के समाधान के लिए वह कई महीनों से प्रशासन को अवगत करवा रहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने यह भी आरोप लगाया कि थाने में तीन पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। युवक की मांग थी कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
बड़े नेताओं और अफसरों को बुलाने पर अड़ा रहा युवक
घटना की गंभीरता को देखते हुए बाड़मेर के डिप्टी रमेश कुमार शर्मा और उपखंड अधिकारी यथार्थ शेखर मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास किया। लेकिन युवक अपनी बात सुनने के लिए बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी, सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल और जिला कलेक्टर को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। कई बार समझाने के बावजूद वह नहीं माना।
चार घंटे बाद खत्म हुआ ड्रामा
करीब चार घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा ने युवक से मोबाइल पर बात की और उसकी समस्याओं का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद युवक टंकी से नीचे उतर आया।
यह भी पढ़ें- Rajsamand News: पुलिस के पूछताछ करते ही सर्राफा व्यापारी की मौत; परिजनों ने लगाया ऐसा आरोप, यह मांग भी की
समस्या का समाधान न हुआ तो फिर करेगा विरोध
युवक ने चेतावनी दी कि यदि दिए गए आश्वासन के बाद भी उसकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वह फिर से ऐसा कदम उठाने को मजबूर होगा। उपखंड अधिकारी यथार्थ शेखर ने कहा कि युवक की मांगों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।