फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाड़मेर: हिरण का शिकार कर पेड़ से उल्टा लटकाया, घटना से भड़के वन्यजीव प्रेमी; रातभर धरना

Sat, 07 Nov 2026 01:22 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बाड़मेर

सार

बाड़मेर के धनाऊ थाना क्षेत्र के बिसारणिया गांव में शिकारियों ने एक हिरण का शिकार कर उसके चारों पैर बांधकर पेड़ से उल्टा लटका दिया। आरोप है कि शिकारी दूसरे हिरण का शिकार करने के लिए पशुओं के बाड़े तक पहुंचे थे, लेकिन पशुओं की आवाज सुनकर जागे किसानों के पीछा करने पर भाग गए।
विज्ञापन
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान के बाड़मेर जिले में वन्यजीवों के शिकार का मामला सामने आया है। धनाऊ थाना क्षेत्र के नेहरो की नाडी स्थित बिसारणिया गांव में शिकारियों ने एक हिरण को मारने के बाद उसके चारों पैर बांधकर पेड़ से उल्टा लटका दिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। वन्यजीव प्रेमियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घटनास्थल पर ही धरना शुरू कर दिया। सूचना पर धनाऊ थाना पुलिस और चौहटन वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

दूसरे हिरण के शिकार की फिराक में थे शिकारी

बिसारणिया गांव के आसपास रेत के बड़े-बड़े टीले हैं। इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में हिरण रहते हैं। बताया जा रहा है कि रात के समय सुनसान इलाके का फायदा उठाकर शिकारियों ने एक हिरण का शिकार कर लिया। इसके बाद उसके चारों पैर बांधकर शव को पेड़ से उल्टा लटका दिया। आरोप है कि शिकारी इसके बाद दूसरे हिरण का शिकार करने की फिराक में पास ही स्थित पशुओं के बाड़े तक पहुंच गए। इसी दौरान पशुओं के चिल्लाने की आवाज सुनकर पास में सो रहे किसान जाग गए। किसानों ने आवाज लगाई तो शिकारी वहां से भागने लगे।

किसानों ने किया पीछा, पेड़ से लटका मिला हिरण

शिकारियों को भागता देख किसानों ने उनका पीछा किया। इस दौरान शिकारी दूसरा शिकार करने में नाकाम रहे। पीछा करते हुए किसानों की नजर पेड़ से उल्टा लटकाए गए मृत हिरण पर पड़ी। इसके बाद किसानों ने तुरंत वन्यजीव प्रेमियों और पुलिस प्रशासन को घटना की सूचना दी।

शिकारियों की गिरफ्तारी की मांग पर धरना

घटना से नाराज वन्यजीव प्रेमी रात में ही घटनास्थल पर धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि हिरण का शिकार करने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। सूचना मिलने पर धनाऊ थाना पुलिस और चौहटन वन विभाग के रेंजर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम इलाके में शिकारियों की तलाश कर रही है। वहीं, वन्यजीव प्रेमी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें