दूल्हा बने केके बिश्नोई, आज लेंगे सात फेरे
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के चर्चित और राजस्थान मूल के आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई (केके बिश्नोई) रविवार रात जोधपुर में प्रयागराज (यूपी) की आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा के साथ सात फेरे लेंगे। इससे पहले रविवार दोपहर को बिश्नोई की बारात जिले के धोरीमना स्थित पैतृक निवास से धूमधाम के साथ जोधपुर के लिए रवाना हुई।
बारात रवाना होने से पहले उनके निवास पर पारंपरिक रीति-रिवाज निभाए गए। आईपीएस केके बिश्नोई दूल्हा बनकर शेरवानी में सज-धजकर घर से बाहर निकले। उन्होंने हाथ में तलवार और आंखों पर काला चश्मा लगा रखा था। घोड़ी पर सवार होने से पहले उन्होंने मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान घर की महिलाएं ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हुए बारात में शामिल हुईं। इसके बाद बारात जोधपुर के लिए रवाना हुई। बाड़मेर से करीब 200 किलोमीटर दूर जोधपुर पहुंचने में बारात को चार से पांच घंटे का समय लगेगा, जहां दोनों आईपीएस अधिकारी विवाह बंधन में बंधेंगे।
ये भी पढ़ें: IPS केके-अंशिका की शाही शादी: धोरीमन्ना से जोधपुर तक मनेगा जश्न, अब पिता-पुत्र के डांस ने जीता दिल; तस्वीरें
शादी के बाद 30 मार्च को जोधपुर में रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें कई खास मेहमानों को आमंत्रित किया गया है।
दोनों आईपीएस अधिकारियों की शादी पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। सगाई के बाद से ही शादी से जुड़े कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। पिछले दो दिनों से बाड़मेर के धोरीमना में बिश्नोई के घर शादी के कार्यक्रम चल रहे हैं। शुक्रवार को हल्दी समारोह हुआ, जबकि शनिवार रात मेहंदी की रस्म निभाई गई। इस दौरान परिवार और रिश्तेदारों ने डीजे पर जमकर डांस किया। रविवार को सभी रस्मों के बाद बारात जोधपुर के लिए रवाना हुई।