राजस्थान के बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव से महज 48 घंटे पहले भाजपा की विजय संकल्प यात्रा ने माहौल को गरमा दिया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इस रोड शो में संयुक्त रूप से शक्ति प्रदर्शन किया। यह यात्रा भाजपा प्रदेश नेतृत्व की रणनीति के तहत निकाली गई, जिसका उद्देश्य मतदाताओं में जोश और उत्साह भरना था।
यह यात्रा अजीतपुरा बालाजी से आरंभ हुई, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा का नेतृत्व प्रदेश मंत्री मदन राठौड़ ने किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, भाजपा आईटी विभाग के प्रदेश सह-संयोजक शिवम विजयवर्गीय, जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, मंडल अध्यक्ष रोहित नंदवाना, चेयरमैन रामेश्वर खंडेलवाल और गणेश शर्मा भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- Congress Rift: पूर्व CM गहलोत के सामने धारीवाल-गुंजल समर्थकों में हुई धक्का-मुक्की, पुलिस से भी भिड़े; जानें
अंता नगर में रोड शो के लिए विशेष साज-सज्जा की गई थी। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए और नेताओं पर फूलों की वर्षा की गई। कार्यकर्ताओं ने 51 किलो के पुष्पहार से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्वागत किया। रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी। मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने खुले वाहन में सवार होकर जनता का अभिवादन किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह उपचुनाव अंता क्षेत्र के विकास की दिशा तय करेगा। हमारी सरकार ने पूरे प्रदेश में विकास की नई राहें खोली हैं, अंता भी इससे अछूता नहीं रहेगा।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि अंता हमेशा से भाजपा का गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता ने हमेशा विकास और स्थिरता के पक्ष में मतदान किया है। भाजपा सरकार क्षेत्र में नई सुविधाओं और योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
यात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने भाजपा नेताओं का स्वागत किया। माहौल में चुनावी जोश साफ झलक रहा था। गहमागहमी और जयकारों के बीच भाजपा नेताओं ने जनता से विकास के लिए मतदान की अपील की। इससे पहले भाजपा की विजय संकल्प यात्रा मांगरोल में हुई थी, सीएम भजनलाल शर्मा और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे शामिल हुईं थी।
यह भी पढ़ें- Tonk News: खेत जाते समय दर्दनाक हादसा, करंट की चपेट में आए दो सगे भाई; मौके पर ही मौत
गौरतलब है कि अंता विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को उपचुनाव होने हैं और 14 नवंबर को इसका रिजल्ट आएगा। आपको बता दें कि भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन, कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया और निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला हो रहा है। यहां पर साल 2005 में उपसरपंच चुनाव के दौरान तत्कालीन विधायक रहे कंवरलाल मीणा पर एसडीएम पर पिस्तौल तानने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप था, जिसमें कोर्ट ने 3 साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद उनकी विधायकी समाप्त हो गई थी। अंता विधानसभा सीट खाली होने के बाद यहां पर उपचुनाव की घोषणा हुई है।
वहीं, अंता विधानसभा सीट पर 2025 के वोटरों की बात की जाए तो यहां पर 2 लाख 27 हजार 563 कुल मतदाता हैं। इनमें से 1 लाख 16 हजार 405 पुरुष और 1 लाख 11 हजार 154 महिला वोटर शामिल हैं। यहां से 2008 में कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया, 2013 में बीजेपी के प्रभु लाल सैनी, 2018 में फिर से प्रमोद जैन भाया और 2023 में बीजेपी के कंवर लाल मीणा चुनाव जीत चुके हैं।