जिले के आम्बापुरा थाना क्षेत्र के नादिया गांव में घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर उमरीनाला डाबरा में बने गहरे गड्ढे में भरे पानी में नहाने गई दो मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। देर रात करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों के शव बाहर निकाले गए।
पाड़ला चौकी प्रभारी एएसआई रवि थापा ने बताया कि गांव की बच्चियां भूली (9) पुत्री दिलीप निनामा और रोनिका (8) पुत्री रामप्रसाद निनामा मंगलवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकली थीं। भूली पांचवीं और रोनिका चौथी कक्षा में पढ़ती थी। शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों से जानकारी मिली कि बच्चियों को आखिरी बार नाले के पास देखा गया था। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की लेकिन कोई पता नहीं चला।
ये भी पढ़ें: महज 100 रुपये के लेनदेन में मासूम की हत्या? धड़ से अलग मिला सिर; CCTV फुटेज के आधार पर हिरासत में दोस्त
पानी में डूबने की आशंका होने पर रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। रात का अंधेरा और गहरे पानी के कारण राहत कार्य में काफी परेशानी आई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद रात एक बजे दोनों बच्चियों के शव बाहर निकाले गए। बुधवार दोपहर महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।